आधार ऐप पर नई सुविधा शुरू होने के बाद पहले दो दिनों में अपडेट हुए 2.5 लाख से अधिक ईमेल : केंद्र
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि आधार ऐप पर ईमेल आईडी निशुल्क अपडेट होने की सुविधा एक जुलाई से शुरू होने के बाद पहले दो दिनों में 2.5 से अधिक ईमेल अपडेट हुए हैं।
सरकार ने कहा कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने निवासियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए अब लोगों को आधार ऐप के माध्यम से सीधे आधार में अपनी ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट करने की अनुमति दे दी है, जिससे आधार केंद्र जाने की आवश्यकता समाप्त हो गई है।
यूआईडीएआई के मुताबिक, यह सेवा केवल आधार ऐप के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध है, जो 1 जुलाई, 2026 से छह महीने की अवधि के लिए प्रभावी होगी। इससे निवासियों के लिए अपनी आधार जानकारी को अपडेट रखना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा। भौतिक रूप से आने-जाने की आवश्यकता को समाप्त करके, यह पहल डिजिटल इंडिया के अंतर्गत विकसित भारत की दिशा में लोगों के अनुकूल डिजिटल सेवा प्रदान करने के लिए यूआईडीएआई की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
सरकार ने कहा कि जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया नया आधार ऐप लोगों को अपने स्मार्टफोन से ही मोबाइल नंबर अपडेट और पता अपडेट सहित कई सेवाओं का आसानी से लाभ उठाने में सक्षम बना रहा है।
अब तक 40 लाख से अधिक लोगों ने नए आधार ऐप का उपयोग करके अपने मोबाइल नंबर अपडेट किए हैं। वहीं, लगभग 10 लाख लोगों ने इस ऐप का उपयोग करके अपना पता भी अपडेट किया है।
यूआईडीएआई ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने आधार में ईमेल आईडी जोड़ने और अपडेट करने की सुविधा का लाभ उठा सकता है। इसे आधार ऐप डाउनलोड या अपडेट करके आसानी से किया जा सकता है।
--आईएएनएस
एबीएस
