अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन में अचानक आई बाढ़ में 20 से ज्यादा लोग लापता, राहत-बचाव अभियान जारी
लॉस एंजिल्स, 31 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के एरिजोना में शनिवार को ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रेंच इलाके में अचानक आई बाढ़ से स्थिति बिगड़ गई। अमेरिकी नेशनल पार्क सर्विस के अुनसार, घटना के बाद 20 से ज्यादा लोगों के लापता हैं।
प्रशासन ने अपील की है कि अगर कोई ऐसे हाइकर्स या बैकपैकर्स के बारे में जानता है जो 29 अगस्त को ब्राइट एंजेल क्रीक कॉरिडोर के साथ अंदरूनी कैन्यन में थे, या अगर किसी ने प्रभावित कॉरिडोर में कैंपग्राउंड रिज़र्वेशन कराया था, तो वे नेशनल पार्क सर्विस की इन्वेस्टिगेटिव सर्विसेज ब्रांच को जानकारी दें।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पार्क अधिकारियों ने बताया कि वे एरिजोना डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी के साथ मिलकर बचाव और निकासी अभियान चला रहे हैं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रभावित क्षेत्र में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं या नहीं।
इस बीच, पार्क प्रशासन ने बताया कि 30 अगस्त की सुबह तक 62 लोगों को फैंटम रैंच और लोअर नॉर्थ काइबाब ट्रेल इलाके से सुरक्षित निकाला जा चुका है।
अधिकारियों के अनुसार, निकाले गए लोगों को साउथ रिम स्थित मैस्विक लॉज कैफेटेरिया ले जाया जा रहा है, जहां अमेरिकन रेड क्रॉस उनकी सहायता कर रहा है।
प्रशासन ने कहा, "ताजा उपलब्ध जानकारी के अनुसार अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।"
अचानक आई इस बाढ़ से ब्राइट एंजेल कैन्यन में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के मुताबिक, ब्राइट एंजेल क्रीक पर बने लगभग सभी पैदल पुल बह गए हैं, जिससे ट्रेकर्स और पर्यटकों के लिए नदी पार करना संभव नहीं रह गया है।
उन्होंने बताया कि पार्क के कर्मचारी अभी भी ट्रेल्स, पुलों, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं, इमारतों और अन्य ढांचों को हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
इसके अलावा, सोमवार के लिए आंधी और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि इससे और अधिक फ्लैश फ्लड, मलबा बहने, चट्टानें गिरने तथा ट्रेल्स और नदी के हालात में अचानक बदलाव का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है, क्योंकि बचाव कार्य अभी भी जारी है।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम
