Aapka Rajasthan

2025 में नेपाल आए 11.5 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक

काठमांडू, 1 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल में वर्ष 2025 के दौरान 11.5 लाख से अधिक विदेशी पर्यटकों ने यात्रा की। नेपाल पर्यटन बोर्ड (एनटीबी) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। आंकड़ों के अनुसार, 2025 में कुल 11,58,459 विदेशी पर्यटक नेपाल पहुंचे, जो 2024 के 11,47,548 पर्यटकों की तुलना में लगभग एक प्रतिशत की मामूली वृद्धि है।
 
2025 में नेपाल आए 11.5 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक

काठमांडू, 1 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल में वर्ष 2025 के दौरान 11.5 लाख से अधिक विदेशी पर्यटकों ने यात्रा की। नेपाल पर्यटन बोर्ड (एनटीबी) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। आंकड़ों के अनुसार, 2025 में कुल 11,58,459 विदेशी पर्यटक नेपाल पहुंचे, जो 2024 के 11,47,548 पर्यटकों की तुलना में लगभग एक प्रतिशत की मामूली वृद्धि है।

हालांकि विदेशी पर्यटकों की संख्या में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन पर्यटन क्षेत्र अब भी कोविड-19 महामारी से पहले के स्तर तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है। एनटीबी के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2019 में, महामारी से पहले, नेपाल में 11,97,191 विदेशी पर्यटक आए थे।

पर्यटन क्षेत्र को सितंबर 2025 की शुरुआत में हुए ‘जेन-जी आंदोलन’ से भी बड़ा झटका लगा। इस दौरान कई होटल संपत्तियों को नुकसान पहुंचा, ठीक उसी समय जब उद्योग कोविड के प्रभाव से उबरने की कोशिश कर रहा था। सरकारी अध्ययन समिति की रिपोर्ट के अनुसार, इस आंदोलन में 77 लोगों की मौत हुई और सरकारी व निजी संपत्तियों को 84 अरब नेपाली रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

हिंसक प्रदर्शनों के दौरान हयात रीजेंसी और हिल्टन जैसे विदेशी ब्रांडेड होटल बुरी तरह प्रभावित हुए। हिल्टन होटल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जबकि हयात रीजेंसी अभी भी मरम्मत के कारण बंद है। इन घटनाओं के बाद विश्व बैंक ने आने वाले महीनों में विदेशी पर्यटकों की संख्या में तेज गिरावट का अनुमान जताया था, हालांकि वास्तविक आंकड़े इस अनुमान से बेहतर रहे।

एनटीबी के अनुसार, भारत 2025 में भी नेपाल के लिए सबसे बड़ा स्रोत बाजार रहा। भारत से 2,92,438 पर्यटक नेपाल पहुंचे, जो कुल विदेशी पर्यटकों का 25.2 प्रतिशत है। इसके बाद अमेरिका दूसरे स्थान पर रहा, जहां से 1,12,316 पर्यटक आए। चीन तीसरे स्थान पर रहा, जहां से 95,480 पर्यटक पहुंचे।

ब्रिटेन चौथे स्थान पर रहा, जिसने 58,684 पर्यटक भेजे, जबकि बांग्लादेश 57,545 पर्यटकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा। हालांकि भारत से सबसे अधिक पर्यटक आए, लेकिन कुल मिलाकर भारतीय पर्यटकों की संख्या में 2025 के दौरान 8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह, चीन से आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी 6.3 प्रतिशत की कमी आई।

जेन-जी आंदोलन के बाद सितंबर 2025 में विदेशी पर्यटकों की संख्या में साल-दर-साल आधार पर 18.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अक्टूबर और नवंबर में पर्यटकों के आगमन में मामूली सुधार देखा गया।

इसके अलावा, नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 (जो मध्य जुलाई 2025 से शुरू हुआ) के पहले पांच महीनों में 476 परियोजनाओं के तहत कुल 30,263 मिलियन नेपाली रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई हैं।

--आईएएनएस

डीएससी