जीआरपी कांस्टेबल हत्याकांड: क्राइम ब्रांच ने मामले में एक और मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
भुवनेश्वर, 2 जून (आईएएनएस) ओडिशा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन की हत्या के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप मंगराज उर्फ दीपू (46) के रूप में हुई है, जो भुवनेश्वर में बलियांटा पुलिस थाना क्षेत्र के बेनुपुर गांव का रहने वाला है।
क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया, "गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी प्रदीप मंगराज अलग-अलग जगहों पर छिप रहा था। विश्वसनीय जानकारी मिलने के बाद, हमने उसे ढेंकनाल जिले में उसके छिपने की जगह से गिरफ्तार कर लिया। सौम्य की हत्या के मामले में उसकी सक्रिय संलिप्तता वीडियो विश्लेषण से साबित हो गई है। वीडियो में उसे सौम्य के साथ मारपीट करते हुए देखा गया था।"
अधिकारी ने मीडियाकर्मियों को आगे बताया कि अब तक सौम्य की हत्या के मामले में कुल 18 आरोपी शामिल हैं, जिनमें बलियांटा पुलिस की ओर से पहले गिरफ्तार किए गए 11 आरोपी भी शामिल हैं।
7 मई को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके बलियांटा में एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर ग्रामीणों की भीड़ ने रेलवे कांस्टेबल सौम्य को पीट-पीटकर मार डाला था। सौम्य अपने दोस्त ओम प्रकाश राउत के साथ भुवनेश्वर की ओर जा रहा था, तभी बलियांटा पुलिस थाना क्षेत्र के भिंगारपुर-काजा इलाके में उनकी मुलाकात स्कूटर पर सवार दो लड़कियों से हुई।
उनकी मोटरसाइकिल और लड़कियों के स्कूटर के बीच कथित टक्कर के बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। लड़कियों में से एक ने सौम्य पर उसके साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास करने का आरोप लगाया, जिसके बाद मदद के लिए उसकी चीखें सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों के साथ मारपीट की।
बाद में पुलिस ने उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सौम्य को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की एक टीम भी ओडिशा में है। वह इस हत्याकांड में मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोपों की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
