ओडिशा: मुख्यमंत्री ने गंजाम में चक्रवात से हुए नुकसान का जायजा लिया, राहत सहायता की समीक्षा की
भुवनेश्वर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को गंजाम जिले के कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने हाल ही में आए चक्रवातों 'अर्नब' और 'अकवान' के कारण खराब मौसम से हुए नुकसान का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, मुख्य सचिव अनु गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री माझी ने दौरे पर किसानों से बातचीत की और प्रभावित इलाकों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया।
दरअसल, चक्रवात 'अर्नब' के कारण हुई भारी बारिश से गंजाम जिले में भीषण बाढ़ आई थी और इसके बाद चक्रवात 'अकवान' के चलते फिर से भारी बारिश हुई। हवाई सर्वेक्षण और जमीनी स्तर पर आकलन करने के बाद मुख्यमंत्री ने गंजाम जिला परिषद कार्यालय में चक्रवात और बाढ़ से हुए नुकसान तथा दी जा रही राहत सहायता की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि उनके दौरे पर जिन खेतों का निरीक्षण किया गया, उन्हें भारी नुकसान पहुंचा है। जिले में धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
माझी ने कहा, "राज्य सरकार ने गंजाम जिले में चक्रवात 'अकवान' से हुए नुकसान को गंभीरता से लिया है और प्रशासनिक अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है। आकलन रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार प्रभावित लोगों को मुआवजा और हर जरूरी आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।"
उन्होंने बताया कि हर प्रभावित व्यक्ति को 50 किलो चावल और 2,500 रुपए देने का काम चल रहा है। अब तक 80 प्रतिशत चावल बांटा जा चुका है और 60 प्रतिशत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है। यह प्रक्रिया इस महीने के अंत तक पूरी कर ली जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2,500 से ज्यादा परिवारों को क्षतिग्रस्त घरों के लिए सहायता मिल चुकी है, जबकि 25,000 से ज्यादा किसानों को कृषि इनपुट सब्सिडी दी गई है। बाकी बची सहायता इस सप्ताह के अंत तक या ज्यादा से ज्यादा इस महीने के अंत तक दे दी जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है कि सभी प्रभावित लोगों, व्यापारियों और किसानों को यहां तक कि जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, उन्हें भी पर्याप्त मुआवजा मिले।
गंजम जिले में चक्रवात 'अर्नब' के दौरान 2.11 लाख लोगों और चक्रवात 'अकवान' के दौरान 1.54 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में आए चक्रवातों के दौरान प्रशासन ने बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम किया।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
