लद्दाख में आठ नई स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदों के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू
लेह, 10 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में 8 नई लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषदों (एलएएचडीसी) के चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी की गई। यह अधिसूचना लेह स्थित केंद्रशासित प्रदेश सचिवालय के राजस्व विभाग द्वारा जारी की गई और 'द लद्दाख गजट' के विशेष अंक में प्रकाशित की गई।
अधिसूचना के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में 3 सितंबर 2026 की एस.ओ. संख्या 259 और 16 अक्टूबर 2026 की एस.ओ. संख्या 285 के तहत आठ नए लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषदों (एलएएचडीसी) का गठन किया गया है।
'लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद अधिनियम, 1997 (1997 का अधिनियम संख्या XXXI) की धारा 4 की उप-धारा (2) के तहत मिली शक्तियों और 'लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (चुनाव) नियम, 2026' के नियम 4 का उपयोग करते हुए लद्दाख के उपराज्यपाल ने केंद्रशासित प्रदेश की सभी एलएएचडीसी के सभी निर्वाचन क्षेत्रों से नई परिषदों के गठन के लिए सदस्यों को चुनने को कहा है।
अधिसूचना में कहा गया है कि चुनाव 1997 के अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार होंगे, जिसमें 'लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (संशोधन) विनियमन, 2026' के तहत किए गए संशोधन और इसके अंतर्गत बने नियमों व आदेशों को भी शामिल किया गया है। यह अधिसूचना आधिकारिक गजट में प्रकाशित होने की तारीख से लागू हो गई है।
'लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (संशोधन) विनियमन, 2026' लागू होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने आठ एलएएचडीसी स्थापित की हैं, जो केंद्र शासित प्रदेश के आठ जिलों में से प्रत्येक के लिए एक-एक हैं।
इससे पहले, एलएएचडीसी केवल लेह और करगिल में ही थीं। इस नए ढांचे के तहत अब लद्दाख के सभी आठ जिलों लेह, करगिल, द्रास, सांकू, शाम, चांगथांग, नुब्रा और जंस्कार में स्वायत्त पहाड़ी परिषदें होंगी।
प्रत्येक परिषद में 7 से 24 तक निर्वाचित निर्वाचन क्षेत्र होंगे (जो पहले के एक समान आकार की व्यवस्था की जगह लेंगे)। जमीनी स्तर पर प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए, प्रत्येक परिषद में महिलाओं और कम प्रतिनिधित्व वाले समुदायों से चार सदस्यों को नामित किया जाना है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
