Aapka Rajasthan

'मैं पाखंडी नहीं हूं', यूपीए शासन में जांच रोके जाने वाले बयान पर वीरप्पा मोइली ने दी सफाई

बेंगलुरु, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली ने गुरुवार को अपने उस बयान का बचाव किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच रुकवा दी थी। मोइली ने कहा कि वह अपने ही बयान की गलत व्याख्या करने वाले पाखंडी व्यक्ति नहीं हैं और उन्होंने जो कुछ कहा है, वह पूरी तरह सच है।
 

बेंगलुरु, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री वीरप्पा मोइली ने गुरुवार को अपने उस बयान का बचाव किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच रुकवा दी थी। मोइली ने कहा कि वह अपने ही बयान की गलत व्याख्या करने वाले पाखंडी व्यक्ति नहीं हैं और उन्होंने जो कुछ कहा है, वह पूरी तरह सच है।

मोइली ने मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में अपने पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए यह दावा किया था। उन्होंने 2009 से 2011 के बीच केंद्रीय कानून मंत्री रहते हुए सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले की जांच का उल्लेख किया था। इस मामले में तत्कालीन गुजरात के गृह मंत्री अमित शाह का नाम भी सामने आया था।

मोइली ने कहा था, ''मैं उस समय कानून मंत्री था। अमित शाह आज केंद्रीय गृह मंत्री नहीं होते। अदालत ने उन्हें गुजरात से बाहर रहने का आदेश दिया था। उनका मुकदमा किसी दूसरे राज्य में चलना था। वह जेल जाने वाले पहले प्रभावशाली नेता थे। इसके बाद मोदी की बारी होती और उन्हें भी जेल जाना पड़ता तथा गुजरात से बाहर किया जाता।''

उन्होंने आगे आरोप लगाया था कि मोदी के खिलाफ जांच तत्कालीन यूपीए सरकार ने नहीं, बल्कि कांग्रेस के ही कुछ अन्य नेताओं ने रुकवाई थी। मोइली के मुताबिक, ''पार्टी के भीतर यह एक त्रासदी थी। मोदी के खिलाफ जांच और पड़ताल हमारी अपनी सरकार ने रोक दी थी। यह मनमोहन सिंह की वजह से नहीं हुआ था, बल्कि कुछ अन्य नेताओं के कारण ऐसा हुआ। आज हम उसी का खामियाजा भुगत रहे हैं।''

गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत में मोइली ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि इसमें विवाद की कोई गुंजाइश नहीं है और उन्होंने सिर्फ सच बताया है।

उन्होंने कहा, ''अमित शाह उस समय जेल में थे और उन्हें गुजरात से बाहर किया गया था। उस दौरान उनके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। यह एक तथ्य है। उस समय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार के कई मंत्री भी जेल में थे। मेरा मानना है कि उनमें से एक को दोषी भी ठहराया गया था। यह भी एक तथ्य है। मैंने केवल इतनी ही बात कही है, इससे ज्यादा कुछ नहीं। मेरे बयान की अलग-अलग व्याख्या करने का कोई मतलब नहीं है।''

कांग्रेस नेता ने अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा, ''मैंने जो भी कहा है, वह सच है। मैं अपने बयान में पूर्ण विराम या अल्पविराम तक बदलना नहीं चाहता। मैं एक सच्चा व्यक्ति हूं। मैं अपने ही बयान की व्याख्या या गलत व्याख्या करने वाला पाखंडी नहीं बनूंगा।''

मोइली ने मंगलवार को अपने संबोधन में यह भी दावा किया था कि कांग्रेस के कुछ नेता यथास्थिति बनाए रखने के पक्ष में थे और प्रस्तावित बदलावों को लागू करने के लिए तैयार नहीं थे। हालांकि, उन्होंने उन नेताओं के नाम बताने से इनकार कर दिया था।

उन्होंने कहा था, ''आप हमारी पार्टी के कुछ नेताओं को जानते हैं। वे यथास्थिति से आगे एक कदम भी बढ़ाने को तैयार नहीं थे। मैं उन नेताओं के नाम नहीं लेना चाहता। उनका कहना था कि जिन बदलावों का सुझाव दिया गया था, उन्हें लागू करना मुश्किल है।'' मोइली ने यह भी दावा किया था कि यदि उन बदलावों को लागू कर दिया गया होता तो आज नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने का सवाल ही नहीं उठता।

--आईएएनएस

डीएससी