Aapka Rajasthan

तृणमूल का कोई नेता भाजपा में शामिल नहीं होगा: सुकांत मजूमदार

पश्चिम मेदिनीपुर, 29 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि तृणमूल कांग्रेस का कोई भी नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह सड़ चुकी है और भाजपा ऐसे लोगों को अपने साथ नहीं लेगी।
 
तृणमूल का कोई नेता भाजपा में शामिल नहीं होगा: सुकांत मजूमदार

पश्चिम मेदिनीपुर, 29 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि तृणमूल कांग्रेस का कोई भी नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी पूरी तरह सड़ चुकी है और भाजपा ऐसे लोगों को अपने साथ नहीं लेगी।

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर यूनिवर्सिटी में सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों के लिए प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मजूमदार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “पार्टी ने निर्णय लिया है कि तृणमूल कांग्रेस का कोई भी नेता भाजपा में प्रवेश नहीं कर सकेगा। तृणमूल पूरी तरह सड़ चुकी है और हम ऐसे लोगों को नहीं लेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “अच्छी तृणमूल जैसी कोई चीज नहीं होती।”

तृणमूल कांग्रेस सांसद काकोली घोष दस्तीदार द्वारा लोकसभा अध्यक्ष से पार्टी के ही सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत किए जाने पर मजूमदार ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर भारी अंदरूनी कलह चल रही है और आने वाले समय में इसके और परिणाम सामने आएंगे।

सीआईडी की टीम द्वारा तृणमूल विधायक नैना बंद्योपाध्याय के आवास पर पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिन तृणमूल नेताओं ने जनता का पैसा लूटा है, उनके घरों पर जांच एजेंसियां कार्रवाई करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेताओं को कथित रूप से लिए गए घूस के पैसे वापस करने होंगे।

इस दौरान मजूमदार ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के रनवे विस्तार के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के परिचालन क्षेत्र में स्थित पुरानी मस्जिद के कारण रनवे का विस्तार नहीं हो पा रहा था, जिससे बड़े विमानों के उतरने में दिक्कत होती थी। अब राज्य सरकार द्वारा मस्जिद को हटाने की अनुमति दिए जाने के बाद रनवे विस्तार का रास्ता साफ हो गया है और इससे हवाई अड्डे की क्षमता बढ़ेगी।

5 मई को विद्यासागर विश्वविद्यालय परिसर में कुछ लोगों द्वारा खुद को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का सदस्य बताकर तोड़फोड़ करने और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने की घटना पर मजूमदार ने कहा कि भाजपा का इस मामले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि घटना में शामिल लोग उसके सदस्य नहीं थे।

उन्होंने कहा, “यदि कोई व्यक्ति एबीवीपी या भाजपा का सदस्य होने का दावा कर उपद्रव करता है, तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है और भाजपा इसमें कोई बाधा नहीं डालेगी।”

स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) की भर्ती परीक्षा को लेकर मजूमदार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी उम्मीदवार को सिफारिश के आधार पर नौकरी नहीं मिलेगी, यहां तक कि भाजपा के किसी विधायक की सिफारिश पर भी नहीं।

--आईएएनएस

डीएससी