2024 के आम चुनावों में शाम 6 बजे के बाद हुई वोटिंग को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली: आंध्र के सीईओ
अमरावती, 23 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सोमवार को स्पष्ट किया कि 2024 के आम चुनावों के दौरान चित्तूर लोकसभा क्षेत्र में शाम 6 बजे के बाद हुई वोटिंग में किसी तरह की गड़बड़ी को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव आयोग को कोई शिकायत नहीं मिली है।
सीईओ ने एक वेबसाइट पर छपी उस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें शाम 6 बजे के बाद वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या में गड़बड़ी का दावा किया गया था।
वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव अधिकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग को बताया था कि चित्तूर लोकसभा क्षेत्र में शाम 6 बजे 56,067 मतदाता कतार में थे। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, चित्तूर के अंतर्गत आने वाले सात विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या 24,596 थी।
रिपोर्ट में इस विसंगति पर सवाल उठाया गया, क्योंकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हुए थे। हिंसा प्रभावित चुनाव के दौरान आयोग ने 31,000 से अधिक मतदाताओं के इस अंतर की कभी जांच नहीं की।
इसमें दावा किया गया है कि ईसीआई के आंतरिक रिकॉर्ड से पता चलता है कि 2024 में एन. चंद्रबाबू नायडू की जीत के मामले में, आयोग ने शाम 6 बजे के बाद एक ऐसी स्थिति दर्ज की जो संभव ही नहीं थी, लेकिन फिर भी कोई जांच नहीं की गई। रिपोर्ट में चित्तूर लोकसभा क्षेत्र से जुड़े आंकड़ों का हवाला दिया गया है।
हालांकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी विवेक यादव ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक स्पष्टीकरण जारी किया है।
पोस्ट में लिखा है, "तत्कालीन रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) द्वारा 4 जून 2024 को ईसीआई को भेजी गई 'रिपोर्ट-31' के अनुसार, संसदीय क्षेत्र के आरओ और जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुष्टि की है कि 56,067 की संख्या उन लोगों की है, जिन्हें पर्चियां दी गई थीं। ये पर्चियां अलग-अलग राजनीतिक दलों के सभी पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में बांटी गई थीं। चुनाव आयोग को इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।"
सीईओ ने आगे कहा, “जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) ने स्पष्ट रूप से बताया था कि 56,067 पर्चियां बांटी गई थीं और अंतिम मतदान प्रतिशत से इसकी पुष्टि भी हो गई थी। फॉर्म 17सी में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, चित्तूर संसदीय क्षेत्र के सभी 7 विधानसभा क्षेत्रों में डाले गए कुल वोट ईवीएम की गिनती से पूरी तरह मेल खाते हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर मतदान केंद्र पर उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों को फॉर्म 17सी की हस्ताक्षरित प्रतियां दी गई थीं। सीईओ ने बताया कि शाम 6 बजे के बाद हुए मतदान पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी।
सीईओ ने कहा, “मतगणना के समय भी चुनाव पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विभिन्न राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंटों ने कोई आपत्ति नहीं जताई और न ही आयोग को इस संबंध में कोई शिकायत मिली।”
उन्होंने बताया कि सभी विवरण इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्टों के माध्यम से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई चुनावी याचिका दायर नहीं की गई थी।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
