Aapka Rajasthan

ग्राहक ने मैगी के पैकेट में कीड़े मिलने का लगाया आरोप, नेस्ले इंडिया ने दिया जवाब

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एक ग्राहक की ओर से कथित तौर पर मैगी नूडल्स में कीड़े और लार्वा मिलने के आरोपों के बाद, नेस्ले इंडिया ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
 

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। एक ग्राहक की ओर से कथित तौर पर मैगी नूडल्स में कीड़े और लार्वा मिलने के आरोपों के बाद, नेस्ले इंडिया ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के कल्याण इलाके के एक ग्राहक ने मैगी नूडल्स का पैकेट तैयार करते समय उसमें कीड़े और लार्वा मिलने का दावा किया।

रिपोर्ट में बताया गया कि पैकेट पर फरवरी 2027 की एक्सपायरी डेट दर्ज थी। इससे सवाल उठ रहे हैं कि उत्पाद की शेल्फ लाइफ खत्म होने से काफी पहले वो खराब कैसे हो सकता है।

इस घटना ने देशभर में बड़े पैमाने पर खाए जाने वाले पैकेज्ड फूड उत्पादों की खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) राज्यभर में खाद्य मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, एफडीए से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित उत्पाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने की मांग की गई है, ताकि शिकायत की सत्यता का पता लगाया जा सके और किसी संभावित गुणवत्ता संबंधी समस्या की पहचान हो सके।

रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए नेस्ले इंडिया ने कहा कि कंपनी अपनी निर्माण प्रक्रिया के दौरान कड़े गुणवत्ता नियंत्रण उपायों और खाद्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करती है।

नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “हमें इस मामले की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से मिली है और अभी तक उपभोक्ता या अधिकारियों ने हमसे संपर्क नहीं किया है। इस स्तर पर हम उठाई गई चिंता की प्रामाणिकता पर टिप्पणी नहीं कर सकते।”

कंपनी ने आगे कहा कि हर उत्पाद को कई स्तरों पर गुणवत्ता जांच से गुजरना पड़ता है। यह प्रक्रिया कच्चे माल की खरीद से शुरू होकर निर्माण और पैकेजिंग तक जारी रहती है, ताकि उत्पाद उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले सभी लागू गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

कंपनी ने कहा कि उसके सभी विनिर्माण संयंत्रों में मजबूत गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणालियां लागू हैं। नेस्ले इंडिया ने उपभोक्ताओं को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

--आईएएनएस

एबीएस