नेपाल: आरएसपी प्रमुख लामिछाने जून में कर सकते हैं भारत दौरा
काठमांडू, 27 मई (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर अनिश्चितता के बीच सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने जून के पहले सप्ताह में नई दिल्ली का दौरा कर सकते हैं।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, आरएसपी प्रमुख की भारत यात्रा की संभावना है, हालांकि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आरएसपी के प्रवक्ता मनीष झा ने आईएएनएस से कहा कि रबी लामिछाने जून के पहले सप्ताह में नई दिल्ली जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “अभी इस पर औपचारिक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसकी घोषणा की जाएगी।”
पार्टी के कई नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे पर अभी संगठन के भीतर औपचारिक चर्चा नहीं हुई है, लेकिन पड़ोसी देश की यात्रा को स्वाभाविक राजनीतिक प्रक्रिया माना जाना चाहिए।
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लामिछाने की यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेताओं से हो सकती है।
लामिछाने की प्रस्तावित यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब नेपाल और भारत के संबंधों में हाल के सप्ताहों में कुछ तनाव देखने को मिला है।
नेपाल ने मई की शुरुआत में भारत और चीन को विरोध पत्र भेजा था। यह विरोध उस घोषणा को लेकर था जिसमें कहा गया था कि भारतीय श्रद्धालु विवादित लिपुलेख क्षेत्र के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा करेंगे। नेपाल और भारत दोनों लिपुलेख, कालापानी और लिम्पियाधुरा क्षेत्रों पर दावा करते हैं, हालांकि इन इलाकों पर फिलहाल भारत का प्रभावी नियंत्रण है।
इसके अलावा, नेपाल द्वारा भारत से आने वाले 100 नेपाली रुपये से अधिक मूल्य के सामान पर सीमा शुल्क नियमों को सख्ती से लागू करने पर भी दोनों देशों के बीच असहजता बढ़ी। नेपाल सरकार का कहना था कि यह कदम तस्करी रोकने के लिए उठाया गया है। हालांकि नेपाल के सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद फिलहाल इस नियम को लागू नहीं किया जा रहा है।
भारतीय बाजार में प्रवेश करने वाली नेपाली चाय की हर खेप की अनिवार्य लैब जांच की शर्त ने भी नेपाल के चाय निर्यात को प्रभावित किया। बाद में भारत सरकार ने नियम में संशोधन करते हुए घरेलू खपत के लिए आने वाली चाय को इस जांच से छूट दे दी।
इसी बीच, 11 मई को भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री की प्रस्तावित नेपाल यात्रा अचानक रद्द होने से भी दोनों देशों के रिश्तों को लेकर अटकलें तेज हो गईं।
आरएसपी के केंद्रीय समिति सदस्य और सांसद प्रकाश चंद्र परियार ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष की प्रस्तावित भारत यात्रा को सकारात्मक रूप में देखा जाना चाहिए, क्योंकि इससे द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा का अवसर मिलेगा।
--आईएएनएस
डीएससी
