Aapka Rajasthan

नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह का पहला विदेश दौरा, यूएन महासभा में शामिल होने के लिए जाएंगे न्यूयॉर्क

काठमांडू, 18 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाएंगे। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा होगा।
 

काठमांडू, 18 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जाएंगे। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा होगा।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 सितंबर को न्यूयॉर्क के लिए रवाना होंगे। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह में हिस्सा लेने वाले नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब नेपाल 26 अगस्त को मध्य नेपाल की भोटे कोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद दुनिया का ध्यान आकर्षित करने और अंतरराष्ट्रीय मदद हासिल करने की कोशिश कर रहा है। बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर लोगों की जान गई और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।

राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ में बह गए 1,410 लोगों के शव अब तक बरामद किए जा चुके हैं, जबकि गुरुवार शाम तक 6,145 लोग लापता थे।

संयुक्त राष्ट्र महासभा में नेपाल की ओर से जलवायु परिवर्तन और जलवायु से जुड़ी आपदाओं के प्रभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने की उम्मीद है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाह 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस को संबोधित करेंगे। न्यूयॉर्क में अपने प्रवास के दौरान वह संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली बार होगा जब बालेंद्र शाह संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनिया के नेताओं की वार्षिक बैठक में हिस्सा लेंगे।

नेपाल के विदेश मंत्री शिसिर खनाल 20 सितंबर को न्यूयॉर्क के लिए रवाना होंगे। वह वहां विभिन्न उच्चस्तरीय बैठकों, कार्यक्रमों और मंत्री स्तर की बैठकों में हिस्सा लेंगे।

न्यूयॉर्क में रहने के दौरान खनाल अपने समकक्षों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाले नेपाली प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर, विदेश सचिव अमृत बहादुर राय और सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

5 मार्च को हुए संसदीय चुनाव के बाद बालेंद्र शाह ने 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद संभाला था। उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में करीब दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था।

इससे पहले नेपाल की कैबिनेट ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए विदेश मंत्री खनाल को भेजने का फैसला किया था।

हालांकि, विनाशकारी बाढ़ के बाद नेपाल सरकार ने फैसला किया कि देश के सामने आई इस आपदा की ओर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रधानमंत्री का स्वयं महासभा में शामिल होना बेहतर होगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी