Aapka Rajasthan

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल तीन दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल शुक्रवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। इस वर्ष पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
 
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल तीन दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल शुक्रवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। इस वर्ष पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है।

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि खनाल की यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल का उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर हार्दिक स्वागत है। नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह यात्रा भारत-नेपाल की विशेष साझेदारी को और सशक्त करेगी।"

दौरे के दौरान नेपाल के विदेश मंत्री शनिवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि भारत और नेपाल के बीच विकास सहयोग, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संपर्क परियोजनाओं और लोगों के बीच संबंधों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक एजेंडा है। दोनों विदेश मंत्रियों की बैठक में इन सभी विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्ष व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और जन-से-जन संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर विचार करेंगे।

नेपाल सरकार ने कहा कि यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच नियमित उच्चस्तरीय संपर्कों का हिस्सा है और इससे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। विदेश मंत्री खनाल 7 जून को काठमांडू लौटेंगे।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों के बीच रेलवे, सड़क, हवाई संपर्क और लोगों के आवागमन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। द्विपक्षीय वार्ता में संपर्क सुविधाओं के विस्तार को प्रमुख एजेंडा बनाया गया है।

हालांकि विदेश मंत्री खनाल अप्रैल में नौवां हिंद महासागर सम्मेलन के दौरान मॉरीशस में एस. जयशंकर और अन्य क्षेत्रीय नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन पदभार ग्रहण करने के बाद उनकी यह पहली आधिकारिक भारत यात्रा है।

यह दौरा रबी लामिछाने की हालिया भारत यात्रा के तुरंत बाद हो रहा है। लामिछाने ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कहा था कि साझा सभ्यतागत विरासत, डिजिटल कॉरिडोर और निर्बाध संपर्क व्यवस्था के आधार पर भारत और नेपाल आपसी विश्वास तथा प्रगति पर आधारित नई साझेदारी विकसित कर सकते हैं।

उन्होंने एक्स पर कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी दोनों देशों की साझा समृद्धि के लिए इन संभावनाओं को वास्तविकता में बदलने की दिशा में काम करने की इच्छुक है।

--आईएएनएस

डीएससी