नेपाल आपदा में आंध्र प्रदेश के चार नागरिक फंसे, अन्य तीन लोग लापता
अमरावती, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद आंध्र प्रदेश के तीन लोग लापता हैं। राज्य सरकार के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि चार लोग सुरक्षित मिल गए हैं, लेकिन अभी भी फंसे हुए हैं, जबकि लापता तीन लोगों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
लापता बताए गए लोगों में से दो ईशा फाउंडेशन ग्रुप के सदस्य थे। कुप्पम से बाला सुब्रमण्यम के लापता होने की खबर है। ईशा फाउंडेशन ग्रुप एस3 के साथ यात्रा कर रहे ससी कुमार को आखिरी बार ग्यिरॉन्ग में देखा गया था। ईशा फाउंडेशन ग्रुप एस3 की सदस्य राज्यलक्ष्मी निम्मगड्डा भी लापता हैं।
भास्कर शास्त्री और अडोनी व कुरनूल के तीन अन्य लोगों के सुरक्षित होने की पुष्टि हो गई है, लेकिन वे अभी भी फंसे हुए हैं। वे कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे 156 सदस्यीय समूह का हिस्सा थे। आंध्र प्रदेश भवन और संबंधित विभागों ने आंध्र प्रदेश के सभी 7 निवासियों के मामलों की पहचान की है और उन पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।
प्रभावित लोगों की स्थिति और सुरक्षा का पता लगाने के लिए आंध्र प्रदेश भवन लगातार भारतीय दूतावास, चीनी दूतावास, नेपाली दूतावास, ग्यिरोंग आव्रजन केंद्र, ईशा फाउंडेशन, आरटीजीएस सेंटर और विदेश मंत्रालय (एमईए) के साथ कॉर्डिनेट कर रहा है।
सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और अपने-अपने दूतावासों से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है। लापता व्यक्तियों की तलाश कर रहे परिवार नेपाल पर्यटन पुलिस से 1144 पर संपर्क कर सकते हैं और संबंधित दूतावास या आंध्र प्रदेश भवन से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, यात्रा या परिवहन संबंधी विवरण और व्यक्ति के अंतिम ज्ञात स्थान की जानकारी दे सकते हैं।
आंध्र प्रदेश भवन आपातकालीन नियंत्रण कक्ष, नई दिल्ली- 011-23384016; 011-23387089; और व्हाट्सएप: 90598241011
राज्य सरकार में मंत्री नारा लोकेश भी नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे या लापता आंध्र प्रदेश के सभी निवासियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए बचाव प्रयासों का व्यक्तिगत रूप से नेतृत्व और समन्वय कर रहे हैं।
आंध्र प्रदेश भवन के अनुसार, कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण पारगमन और अनुकूलन स्थल स्याफ्रुबेसी और तिमुरे के क्षेत्र बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
--आईएएनएस
डीसीएच/
