लंदन की सड़कों पर अपने 'विलियम थैकर' की तलाश में निकलीं नीतू चंद्रा
मुंबई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री नीतू चंद्रा इन दिनों लंदन में अपने 'विलियम थैकर' की तलाश करती नजर आईं। उन्होंने यह संदर्भ मशहूर फिल्म 'नॉटिंग हिल' से जुड़ा हुआ बताया। नीतू चंद्रा हाल ही में फिल्म 'आखिरी सवाल' में दिखाई दी थीं।
शनिवार को नीतू ने अपने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह फिल्म 'नॉटिंग हिल' के प्रसिद्ध नीले दरवाजे के सामने पोज देती दिखाई दे रही हैं। यह मशहूर ब्लू डोर लंदन के नॉटिंग हिल स्थित 280 वेस्टबोर्न पार्क रोड पर मौजूद है।
तस्वीरों के साथ नीतू ने एक लंबा और भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने इस फिल्म के प्रति अपने लगाव का जिक्र किया।
उन्होंने लिखा, "नॉक नॉक, कौन है? विलियम थैकर। मैं फिल्म 'नॉटिंग हिल' के विलियम थैकर का उसके मशहूर नीले दरवाजे के बाहर इंतजार कर रही हूं। मेरे ह्यू ग्रांट, आप कहां हैं? मैं आपको ढूंढ़ने आपकी किताबों की दुकान तक भी गई।"
ब्रिटिश रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'नॉटिंग हिल' का निर्देशन रॉजर मिशेल ने किया था और इसकी कहानी रिचर्ड कर्टिस ने लिखी थी।
फिल्म की कहानी विलियम थैकर (ह्यू ग्रांट) नाम के एक शांत स्वभाव के लंदन के पुस्तक विक्रेता के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी साधारण जिंदगी तब बदल जाती है जब दुनिया भर में मशहूर अमेरिकी फिल्म स्टार अन्ना स्कॉट (जूलिया रॉबर्ट्स) उसकी बुकस्टोर में आती हैं। इसके बाद दोनों के बीच एक अनोखी प्रेम कहानी शुरू होती है, जिसे प्रसिद्धि, पापाराजी और अलग-अलग जीवनशैली जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
फिल्म में रीस इफांस, ह्यू बोनेविल, एम्मा चैम्बर्स, जीना मैकी, टिम मैकइनर्नी और एलेक बाल्डविन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
यह फिल्म दुनियाभर में बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट साबित हुई थी। लगभग 42 मिलियन डॉलर के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में करीब 364 मिलियन डॉलर की कमाई की थी।
फिल्म का मशहूर संवाद, "आई एम जस्ट अ गर्ल, स्टैंडिंग इन फ्रंट ऑफ अ बॉय, आस्किंग हिम टू लव हर" आज भी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक डायलॉग्स में गिना जाता है।
इसके अलावा, फिल्म में लंदन के नॉटिंग हिल इलाके को जिस तरह दिखाया गया, उसने इस क्षेत्र को दुनिया के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक पर्यटन स्थलों में से एक बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
