ईद पर भी जारी ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी बोले- यह मेरे लिए वर्किंग फेस्टिवल
मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। दुनियाभर में ईद उल अजहा का त्योहार मनाया जा रहा है। हालांकि, अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी त्योहार के मौके पर भी काम करते नजर आए। हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ की सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग में व्यस्त नवाज़ुद्दीन ने इसे वर्किंग फेस्टिवल बताया।
शूटिंग का अपडेट देते हुए नवाज़ुद्दीन ने बताया, “यह मेरे लिए एक वर्किंग फेस्टिवल होने वाला है। ईद पर भी मैं ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग कर रहा हूं। मैं इस किरदार को दर्शकों के सामने लाने के लिए बेहद उत्साहित हूं क्योंकि इसमें कई लेयर्स हैं।”
साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘तुम्बाड’ ने अपनी अनोखी कहानी, पीरियड लोक हॉरर स्टाइल और शानदार सिनेमैटोग्राफी के लिए खूब सराहना बटोरी थी। राही अनिल बर्वे और आनंद गांधी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सोहम शाह ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
फिल्म महाराष्ट्र के तुम्बाड गांव में छिपे खजाने की खोज पर आधारित थी। फिल्म का वेनिस फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर भी हुआ था और यह वहां दिखाई गई पहली भारतीय फिल्म बनी थी।
‘तुम्बाड 2’ का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले हो रहा है, जबकि वितरण की जिम्मेदारी पेन मरुधर संभालेगा।
मेकर्स ने अप्रैल में फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए घोषणा की थी कि फिल्म ‘तुम्बाड 2’ 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा था- “एक पापी अतीत, एक डरावना भविष्य। भूख बढ़ती है, लालच की विरासत जारी है…”
मेकर्स के अनुसार फिल्म में नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी का किरदार फिल्म को नई ऊंचाई देने वाला है। वहीं, अभिनेता का कहना है कि इस भूमिका में कई भावनात्मक और कहानी की परतें हैं, जिन्हें निभाने के लिए वह काफी उत्साहित हैं।
--आईएएनएस
एमटी/पीएम
