Aapka Rajasthan

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने परिचालन के पहले साल में ही पार किया 40 लाख यात्रियों का आंकड़ा

मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने के एक वर्ष से भी कम समय में 40 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में देश के सबसे नए प्रमुख हवाईअड्डे की तेजी से बढ़ती भूमिका और बढ़ते यात्री विश्वास को दर्शाती है।
 

मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने के एक वर्ष से भी कम समय में 40 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में देश के सबसे नए प्रमुख हवाईअड्डे की तेजी से बढ़ती भूमिका और बढ़ते यात्री विश्वास को दर्शाती है।

एक बयान में बुधवार को कहा गया कि 25 दिसंबर 2025 को परिचालन शुरू करने वाले एनएमआईए ने अब तक कुल 41 लाख (4.1 मिलियन) यात्रियों को संभाला है, जिनमें 40.9 लाख घरेलू यात्री और 12,569 अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल हैं।

यात्री यातायात के आंकड़ों में आगमन और प्रस्थान लगभग संतुलित रहे। इस अवधि के दौरान 20.2 लाख आगमन यात्री और 20.8 लाख प्रस्थान यात्री दर्ज किए गए।

हवाई अड्डे ने अब तक 31,043 यात्री विमान परिचालन संभाले हैं, जिनमें 30,940 घरेलू उड़ानें और 103 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं।

एयरलाइंस के बीच इंडिगो का योगदान सबसे अधिक रहा, जिसने 24,777 उड़ानों का संचालन किया। इसके बाद अकासा एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेस, फ्लाई91 और स्टार एयर का स्थान रहा।

कॉमर्शियल उड़ानों के अलावा एयरपोर्ट ने 1,092 जनरल एविएशन मूवमेंट्स भी दर्ज किए हैं, जो निजी विमानन क्षेत्र में बढ़ती मांग को दर्शाते हैं।

एनएमआईए के प्रवक्ता ने कहा, "पहली वर्षगांठ से पहले 40 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार करना हमारे यात्रियों और एयरलाइन साझेदारों के भरोसे का प्रमाण है। यह उपलब्धि हवाईअड्डे के तेजी से विकास को दर्शाती है।"

यात्री यातायात के साथ-साथ एनएमआईए कार्गो संचालन के क्षेत्र में भी तेजी से उभर रहा है। 15 नवंबर तक हवाई अड्डे ने 40,868 मीट्रिक टन कार्गो का प्रबंधन किया, जिसमें 31,652 मीट्रिक टन अंतरराष्ट्रीय कार्गो और 9,216 मीट्रिक टन घरेलू कार्गो शामिल है।

कार्गो नेटवर्क को 18 फ्रेटर एयरलाइंस समर्थन दे रही हैं, जो 24 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक सेवाएं प्रदान करती हैं। इनमें एम्स्टर्डम, फ्रैंकफर्ट, हांगकांग, सिंगापुर, बाकू और अदीस अबाबा जैसे प्रमुख वैश्विक लॉजिस्टिक्स केंद्र शामिल हैं।

विंटर 2026 शेड्यूल के तहत एनएमआईए ने अपनी कनेक्टिविटी का विस्तार भी किया है। अब यह हवाई अड्डा 45 घरेलू गंतव्यों और 2 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सेवाएं प्रदान करेगा।

एयरपोर्ट ने हाल ही में 9 नए घरेलू रूट जोड़े हैं, जबकि 15 दिसंबर से जेद्दा, सऊदी अरब के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी चल रही है, जो अबू धाबी के बाद एनएमआईए का दूसरा अंतरराष्ट्रीय गंतव्य होगा।

उम्मीद है कि इस नई सेवा से पश्चिमी भारत से व्यवसाय, घूमने-फिरने और तीर्थ यात्रा की बढ़ती मांग को सपोर्ट मिलेगा, साथ ही एनएमआईए की एक बड़े एविएशन गेटवे के तौर पर स्थिति और मजबूत होगी।

--आईएएनएस

डीबीपी