Aapka Rajasthan

नागपुर एयरपोर्ट बनेगा मध्य भारत की आर्थिक तरक्की का नया केंद्र: नितिन गडकरी

नागपुर, 25 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नागपुर के आधुनिकीकरण और विस्तार से मध्य भारत की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विदर्भ क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
 

नागपुर, 25 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नागपुर के आधुनिकीकरण और विस्तार से मध्य भारत की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विदर्भ क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री गडकरी यह बात नागपुर एयरपोर्ट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत जीएमआर ग्रुप को सौंपने के औपचारिक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।

नितिन गडकरी ने कहा कि भारत के भौगोलिक केंद्र में स्थित होने के कारण नागपुर तेजी से व्यापार, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, वाणिज्य और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण से नागपुर की स्थिति और मजबूत होगी तथा यह मध्य भारत में आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण इंजन बनकर उभरेगा।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि आधुनिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विदर्भ क्षेत्र में पर्यटन, खनन, कृषि और निर्यात आधारित उद्योगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बेहतर हवाई संपर्क और आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों और माल परिवहन दोनों को फायदा होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और नए कारोबार के अवसर पैदा होंगे।

गडकरी ने नागर विमानन मंत्रालय से नागपुर को सिंगापुर और दुबई जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शहरों से सीधी उड़ान सेवा से जोड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नागपुर का वैश्विक बाजारों से जुड़ाव मजबूत होगा।

स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए गडकरी ने सुझाव दिया कि नागपुर की प्रसिद्ध ऑरेंज बर्फी और अन्य क्षेत्रीय उत्पादों को एयरपोर्ट पर प्रदर्शित किया जाए।

उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्यमियों को नई पहचान मिलेगी और विदर्भ की सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिलेगा।

नितिन गडकरी, राममोहन नायडू और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संयुक्त रूप से डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए लोगो का अनावरण किया। यह नया लोगो एयरपोर्ट के विकास के नए दौर की शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है।

गडकरी ने एयरपोर्ट के दीर्घकालिक विकास की योजनाओं का स्वागत किया। इनमें आधुनिक कार्गो सुविधाएं, मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नागपुर एक एयरपोर्ट आधारित आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित होगा और लॉजिस्टिक्स व औद्योगिक हब के रूप में उसकी भूमिका और मजबूत होगी।

गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और देश भर में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करने की उनकी प्रतिबद्धता के कारण ऐसे परिवर्तनकारी प्रोजेक्ट संभव हो पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और देश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देना है।

पीपीपी मॉडल के तहत नागपुर एयरपोर्ट के हस्तांतरण से बुनियादी ढांचे के विकास का एक नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है।

चरणबद्ध विस्तार योजनाओं के माध्यम से एयरपोर्ट की यात्री और कार्गो संभालने की क्षमता में बड़ा इजाफा किया जाएगा, जिससे निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पूरे मध्य भारत में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

--आईएएनएस

डीबीपी