Aapka Rajasthan

'कल्कि 2898 एडी' को मिले दो नेशनल अवॉर्ड से नाग अश्विन काफी खुश, बोले- बड़ी दुनिया बनाने के साथ दर्शकों से जुड़ना भी जरूरी था

मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर नाग अश्विन की फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' ने जिस तरह भारतीय सिनेमा में बड़े स्तर की दुनिया और तकनीक को पर्दे पर उतारा, उसकी चर्चा रिलीज के बाद से ही होती रही है। अब फिल्म को दो नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद नाग अश्विन ने बताया है कि उनके लिए यह सम्मान क्यों खास है।
 

मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर नाग अश्विन की फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' ने जिस तरह भारतीय सिनेमा में बड़े स्तर की दुनिया और तकनीक को पर्दे पर उतारा, उसकी चर्चा रिलीज के बाद से ही होती रही है। अब फिल्म को दो नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद नाग अश्विन ने बताया है कि उनके लिए यह सम्मान क्यों खास है।

बता दें कि फिल्म को बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट और बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला है।

नाग अश्विन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ''मुझे इस बात की खुशी है कि हमारी टीम एक साथ दो अलग-अलग चुनौतियों को पूरा करने में सफल रही। एक तरफ फिल्म के लिए इतने बड़े स्तर की दुनिया तैयार करनी थी, जिसमें बहुत सारे सीन और तकनीकी काम शामिल थे, वहीं दूसरी तरफ उस दुनिया को दर्शकों के लिए भावनात्मक रूप से समझने और उससे जुड़ने लायक बनाना था। फिल्म को मिले दोनों तरह के प्यार ने इस सम्मान को उनके लिए और खास बना दिया है।''

फिल्ममेकर ने कहा, ''जब लाखों लोग फिल्म से जुड़ते हैं, हमारी बनाई गई दुनिया को पसंद करते हैं और किरदारों से प्यार करने लगते हैं, तो यह सबसे संतोष देने वाली बात होती है। अगर फिल्म केवल तकनीकी रूप से बड़ी होती, लेकिन दर्शकों के दिल तक नहीं पहुंचती, तो उसकी उपलब्धि अधूरी लगती। हमारे लिए तकनीक और भावनात्मक जुड़ाव दोनों का साथ आना ही 'कल्कि 2898 एडी' की बड़ी खासियत है।''

नाग अश्विन के लिए यह दूसरा मौका है जब उनके काम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इससे पहले उन्हें 2018 में आई फिल्म 'महानती' के लिए सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला था। कीर्ति सुरेश की मुख्य भूमिका वाली 'महानती' में दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री सावित्री की जिंदगी को पर्दे पर दिखाया गया था। अब 'कल्कि 2898 एडी' के जरिए नाग अश्विन के नाम दो और राष्ट्रीय सम्मान जुड़ गए हैं।

फिल्म के निर्माण और उसकी सीन पहचान को लेकर भी नाग अश्विन ने अपनी सोच बताई। उन्होंने कहा, ''हमें प्रोडक्शन डिजाइन का अवॉर्ड मिला, जिसके हम पूरी तरह हकदार हैं। फिल्म की दुनिया तैयार करते समय हमारी टीम का मकसद किसी पहले से बनी हुई फिल्म या दुनिया की नकल करना नहीं था। हम ऐसी दुनिया बनाना चाहते थे, जिसकी अपनी अलग पहचान हो और जिसे देखते ही दर्शकों को महसूस हो कि यह कुछ नया है।''

नाग अश्विन ने कहा, ''आगे भी हम इसी रास्ते पर काम करना चाहते हैं। हमारी कोशिश ऐसी दुनिया बनाने की रहेगी, जिसमें भारतीय जड़ें हों, लेकिन उसका रूप अलग और नया हो। 'कल्कि 2898 एडी' की दुनिया इसी सोच का उदाहरण है। भारतीय संस्कृति और सोच को आधार बनाकर एक नई तरह की दुनिया तैयार करना ही इस फिल्म को अलग बनाता है।''

'कल्कि 2898 एडी' साल 2024 में रिलीज हुई तेलुगु भाषा की माइथोलॉजिकल साइंस फिक्शन फिल्म है। फिल्म में अमिताभ बच्चन, कमल हासन, प्रभास, दीपिका पादुकोण, शोभना और दिशा पाटनी जैसे कलाकार नजर आए। फिल्म की कहानी भविष्य के साल 2898 में दिखाई गई है, जहां काशी एक बदली हुई और अंधकार भरी दुनिया का हिस्सा बन चुकी है। फिल्म की कहानी हिंदू धार्मिक ग्रंथों से प्रेरित है।

--आईएएनएस

पीके/डीएससी