केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने विवेक विहार अग्निकांड को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा
नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण अग्निकांड की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस हादसे को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गहरा दुख जताते हुए इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा कि घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 4 बजे इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर 14 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। आग बुझाने और बचाव कार्य के दौरान अधिकारियों ने 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि कुल 28 लोगों को बचाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने भी काफी मदद की। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह घटना बेहद दुखद है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग रविवार तड़के 3:15 से 3:30 बजे के बीच किसी चिंगारी की वजह से लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। दुर्भाग्य से 9 लोगों की जान चली गई है। घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।"
इस घटना पर दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी दुख जताया। उन्होंने कहा, "यह बहुत ही दर्दनाक घटना है, जिसमें 9 लोगों की जान गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग किसी चिंगारी से लगी थी।"
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे सूचना मिलते ही विवेक विहार थाना प्रभारी और एसीपी समेत पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग और क्राइम टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। यह घटना विवेक विहार फेज-1 स्थित बी-13 नंबर की इमारत में हुई।
करीब सुबह 6 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बचाव कार्य के दौरान निकाले गए 15 लोगों में से 2 को मामूली चोटें आईं, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने कहा है कि आगे की जानकारी जल्द सामने आएगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस
