Aapka Rajasthan

मंगोलिया: भारतीय सेना के 40 सदस्यीय दल ने बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में लिया हिस्सा

उलानबटार, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय सेना के 40 सदस्यीय दल ने शनिवार को मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में आयोजित बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'खान (केएचएएएन) क्वेस्ट 2026' के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस दल में दो महिला अधिकारी भी शामिल हैं; यह अभ्यास 3 जुलाई तक चलेगा।
 
मंगोलिया: भारतीय सेना के 40 सदस्यीय दल ने बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में लिया हिस्सा

उलानबटार, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय सेना के 40 सदस्यीय दल ने शनिवार को मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में आयोजित बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'खान (केएचएएएन) क्वेस्ट 2026' के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस दल में दो महिला अधिकारी भी शामिल हैं; यह अभ्यास 3 जुलाई तक चलेगा।

इस अभ्यास का आयोजन 'फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया' में किया गया है।

भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत शांति समर्थन अभियानों में पारस्परिक संचालन क्षमता (इंटरऑपरेबिलिटी) और सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से दुनिया भर की सेनाओं को एक मंच पर लाता है।”

सेना ने आगे कहा कि भारतीय सेना वैश्विक शांति, स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ है तथा संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना अभियानों को आगे बढ़ाने में सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभाती रहेगी।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, खान क्वेस्ट 2026 भारत की वैश्विक शांति स्थापना को लेकर प्रतिबद्धता दर्शाता है और भाग लेने वाले देशों के बीच परिचालन तैयारी, पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान, आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करता है।

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मंगोलिया के रक्षा मंत्री बटलुट डांबा और मंगोलियाई सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ गानब्यांबा सुनरेव ने किया।

मंगोलिया में भारत के राजदूत अतुल महलारी गोत्सुर्वे भी इस समारोह में उपस्थित रहे।

इस अभ्यास में दुनिया के 18 देशों से 1,000 से अधिक सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।

मंगोलिया स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर बताया, “ जाट रेजिमेंट का 40 सदस्यीय भारतीय दल, जिसमें दो महिला अधिकारी भी शामिल हैं, इस अभ्यास में भाग ले रहा है। लगभग 18 देशों ने इस आयोजन में अपने प्रतिनिधि भेजे हैं। राजदूत गोत्सुर्वे ने भारतीय दल का स्वागत किया और उनकी सफल भागीदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।”

इस सैन्य अभ्यास का पिछला संस्करण पिछले वर्ष 14 से 28 जून के बीच मंगोलिया में आयोजित किया गया था।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, खान क्वेस्ट की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलिया की सेनाओं के बीच एक द्विपक्षीय अभ्यास के रूप में हुई थी। बाद में 2006 से इसे बहुपक्षीय शांति स्थापना अभ्यास का स्वरूप दिया गया और वर्तमान संस्करण इसका 23वां आयोजन है।

--आईएएनएस

केआर/