Aapka Rajasthan

पश्चिम बंगाल में अगले सप्ताह तक झमाझम बारिश के आसार, उत्तर बंगाल के चार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी

कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार रात हुई तेज बारिश के बाद भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को उत्तर बंगाल के चार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पूरे सप्ताह राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का पूर्वानुमान है।
 

कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार रात हुई तेज बारिश के बाद भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को उत्तर बंगाल के चार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पूरे सप्ताह राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का पूर्वानुमान है।

अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर दिनाजपुर में भी तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को भी दार्जिलिंग सहित पूरे उत्तर बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी। हालांकि मंगलवार से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा अगले चार दिनों तक मालदा और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

दक्षिण बंगाल की बात करें तो मंगलवार से उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर और झारग्राम जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। रविवार से लेकर अगले शनिवार तक दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की भी संभावना है।

राजधानी कोलकाता में रविवार से बीच-बीच में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से बारिश और तेज होगी और अगले सप्ताहांत तक जारी रह सकती है। फिलहाल मछुआरों के लिए कोई नया परामर्श जारी नहीं किया गया है, लेकिन उन्हें लगातार मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी गंगा क्षेत्र वाले पश्चिम बंगाल के ऊपर बना कम दबाव का कमजोर क्षेत्र और समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर तक फैला सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण इस लगातार बारिश की मुख्य वजह है। इसके अलावा, मानसून ट्रफ इस समय पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड होते हुए दक्षिणी पश्चिम बंगाल और बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। वहीं, एक अन्य ट्रफ बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के कारण समुद्र से लगातार नमी मिल रही है, जिससे पूरे राज्य में बारिश का सिलसिला बना हुआ है।

रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था। वहीं शनिवार का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम