पश्चिम बंगाल : इन जिलों में 24 अगस्त तक जारी रहेगी बारिश, उत्तर बंगाल में बारिश के आसार
कोलकाता, 20 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश के लिहाज से मौसम का मिजाज अनुकूल है। दरअसल, दबाव की स्थिति कमजोर पड़ गई। इस वजह से ये झारखंड-बिहार के क्षेत्रों की ओर रुख कर गई। इस वजह से दक्षिण बंगाल में बारिश के लिहाज से स्थिति अनुकूल बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की धुरी सक्रिय होकर यह झारखंड-बिहार और पश्चिम बंगाल के पश्चिम जिलों की ओर रवाना हो चुकी है। इस वजह से दक्षिण के कई जिलों में बारिश की संभावना पैदा हो गई। वहीं, उत्तर बंगाल में भी पिछले कुछ दिनों से बारिश के आसार बने हुए हैं।
आज कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर तक की बारिश और गरज हो सकती है। वहीं, उच्चतम और न्यूनतम तामपान की बात करें, तो यह क्रमश: 33 और 28 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।
गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कई जिलों में मध्यमस्तर की बारिश और गरज की संभावना बनी हुई है। खासकर, झारग्राम, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, नादिया और कोलकाता जैसे इलाकों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रह सकता है।
रविवार तक पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में हल्के स्तर तक की बारिश का सिलसिला बरकरार रह सकता है। वहीं, मंगलवार तक पूर्वी मिदनापुर और दक्षिण 24 परगना जिले तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस बीच, उत्तर बंगाल में बारिश की तीव्रता बढेगी और पूरे हफ्ते इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी।
वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को उत्तर बंगाल के चार से पांच जिलों में भारी बारिश का सिलसिला बरकरार रह सकता है, जिसमें दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूच बिहार शामिल है। उधर, हल्की से मध्यम स्तर तक की बारिश पश्चिम बंगाल के बाकी के जिलों में हल्की हवा के साथ देखने को मिल सकती है।
सोमवार तक उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में मध्यम स्तर तक की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगया है कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम
