तेलंगाना: पत्नी और दो बेटों समेत छह लोगों की हत्या करने वाले आरोपी की तलाश तेज, सुराग देने वाले को 2 लाख का इनाम
हैदराबाद, 12 जुलाई (आईएएनएस)। तेलंगाना की पुलिस ने 35 वर्षीय एक व्यक्ति की तलाश तेज कर दी है, जिस पर अपनी पत्नी, दो छोटे बेटों और पॉक्सो मामले में शिकायत करने वाले परिवार के तीन लोगों की हत्या करने का आरोप है। मृतकों में पीड़िता भी शामिल है।
पुलिस की 12 टीमें आरोपी बी. राजकुमार की तलाश में जुटी हैं। उसने 10 जुलाई की रात रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल के दैवलागुड़ा क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर इन हत्याओं को अंजाम दिया था।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) योगेश गौतम ने रविवार को सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों का खंडन किया, जिनमें आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि विशेष टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।
आरोपी की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में तकनीकी विशेषज्ञ, रेलवे पुलिस और खुफिया इकाइयों को भी शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 10 जुलाई की रात करीब 12 बजे अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था, इसलिए उसकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।
पुलिस बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, क्योंकि आशंका है कि आरोपी किसी दूसरे राज्य में भाग गया हो सकता है। पुलिस की नजर कर्नाटक और अन्य पड़ोसी राज्यों को जोड़ने वाले राजमार्गों पर भी है।
तलाशी अभियान के तहत हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल और लॉज की भी गहन जांच की गई।
फ्यूचर सिटी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 2 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है।
फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने पॉक्सो मामले की जांच कर रहे शाबाद थाने के सब-इंस्पेक्टर रमेश को भी निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार ने रात 11:30 बजे से 12 बजे के बीच लगभग 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दो स्थानों पर इन हत्याओं को अंजाम दिया। इसके बाद उसने रात करीब 11:50 बजे अपने पिता को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
राजकुमार के पिता शाबाद पुलिस थाने पहुंचे और पुलिस को अपने बेटे द्वारा किए गए कथित अपराध की जानकारी दी।
आरोपी ने नाबालिग लड़की, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। इसके अलावा उसने अपनी पत्नी सरिता और अपने चार साल तथा डेढ़ साल के दो बेटों की भी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सभी छह लोगों पर चाकू से हमला किया और बाद में उनका गला भी रेत दिया।
पुलिस जांच में पता चला है कि राजकुमार ने सबसे पहले शाबाद के कुम्मारीगुड़ा रोड स्थित उस घर में वारदात को अंजाम दिया, जहां पॉक्सो मामले में शिकायत करने वाली 17 वर्षीय लड़की अपने परिवार के साथ रहती थी।
पुलिस के अनुसार, राजकुमार ने पहले लड़की की मां लक्ष्मी और नानी रुक्कम्मा की हत्या की। इसके बाद वह नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गया और करीब 6 किलोमीटर दूर दैवलागुड़ा गांव में उसकी हत्या कर दी। शुरुआती जांच में हत्या से पहले यौन उत्पीड़न की आशंका से इनकार किया गया है।
राजकुमार अपने माता-पिता के साथ कई वर्षों तक उस नाबालिग लड़की के घर के बगल में ही रह रहा था। करीब छह महीने पहले वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ वहां से दूसरी जगह रहने चला गया था।
आरोपी के खिलाफ मई महीने में पॉक्सो कानून की धारा 11 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने नाबालिग लड़की का पीछा किया था और उसका यौन उत्पीड़न किया था।
उसे पिछले महीने जमानत मिल गई थी। पुलिस को संदेह है कि यह सामूहिक हत्याकांड उसी आपराधिक मामले का बदला लेने के लिए किया गया।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
