सिएटल एयरपोर्ट पर आईसीई की कार्रवाई से अफरा-तफरी, हिरासत में लिए दो यात्री
सिएटल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के सिएटल-टैकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से विमान बोर्ड कर रहे दो यात्रियों को हिरासत में लिया गया। मास्क पहने दो आईसीई अधिकारियों की इस कार्रवाई से अफरा-तफरी मच गई। विमान के प्रवेश द्वार (जेट ब्रिज) पर यात्रियों और अधिकारियों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
घटना के कारण लॉस एंजिलिस जाने वाली एक उड़ान की बोर्डिंग प्रक्रिया बाधित हुई और विमान के रवाना होने में देरी हुई।
यह घटना शनिवार सुबह अलास्का एयरलाइंस की उड़ान संख्या 1306 में यात्रियों के सवार होने के दौरान हुई। विमान को सुबह 8 बजकर 10 मिनट (स्थानीय समयानुसार ) पर उड़ान भरनी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आव्रजन अधिकारियों को एक व्यक्ति को काबू करने की कोशिश करते देखा जा सकता है। इस दौरान वह व्यक्ति जमीन पर संघर्ष करता दिखाई देता है।
वीडियो में एक महिला को चिल्लाते हुए सुना जा सकता है। वह अधिकारियों पर अपनी बेटी को जबरन ले जाने का आरोप लगा रही थी। महिला का कहना था कि हिरासत में ली जा रही युवती के पास वैध वर्क परमिट है।
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि उसके अधिकारियों ने 21 नवंबर को सुबह करीब 8:05 बजे (स्थानीय समयानुसार) एक टारगेट कार्रवाई की थी। इसका उद्देश्य मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार करना था। एजेंसी के मुताबिक, "मेंडोजा ने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रहकर आव्रजन कानूनों का उल्लंघन किया था।"
आईसीई ने दावा किया, "कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य यात्रियों ने अधिकारियों के काम में बाधा डालने और उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की।" एजेंसी के अनुसार, एक यात्री ने अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंक दी, जबकि कुछ अन्य लोगों ने कार्रवाई में हस्तक्षेप किया।
एजेंसी ने बताया, " गर्म कॉफी फेंकने वाली यात्री की पहचान मेक्सिको की नागरिक सोफिया हर्नांडेज मेजिया के रूप में हुई है।" आईसीई का आरोप है कि वह भी वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अमेरिका में रह रही थी। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है और एक संघीय अधिकारी पर हमला करने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
आईसीई ने कहा, " कुछ अन्य यात्रियों ने भी अधिकारियों को उनकी कार्रवाई करने से रोकने की कोशिश की। अधिकारियों के आधिकारिक काम में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती।"
इस घटना से हवाईअड्डे पर मौजूद यात्रियों में काफी तनाव और असहजता देखी गई। विमान में सवार होने की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।
इस बीच, अलास्का एयरलाइंस ने विमान में यात्रियों के सवार होने के दौरान की गई इस कार्रवाई पर चिंता जताई। एयरलाइन के मुताबिक, उसे इस अभियान के बारे में पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, ''अलास्का उड़ान 1306 में यात्रियों के सवार होने के दौरान हुई कानून प्रवर्तन कार्रवाई को लेकर हम चिंतित हैं।''
उसने कहा कि इस घटना से प्रभावित कर्मचारियों और यात्रियों को हुई परेशानी को वह समझती है। एयरलाइन ने यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
अलास्का एयरलाइंस ने बताया कि वह हवाईअड्डे का संचालन देखने वाले पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि कार्रवाई के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं और नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
एयरलाइन ने संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी चिंताएं भी रखी हैं और यह स्पष्ट करने को कहा है कि विमान में यात्रियों के सवार होने के दौरान इस तरह की कार्रवाई किस प्रक्रिया के तहत की गई।
--आईएएनएस
केआर/
