Aapka Rajasthan

मणिपुर में म्यांमार के तीन नागरिक गिरफ्तार, 22.18 करोड़ की ड्रग्स जब्त

इंफाल, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने म्यांमार के तीन नागरिकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 22.18 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। वहीं, एक अलग ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 

इंफाल, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने म्यांमार के तीन नागरिकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 22.18 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। वहीं, एक अलग ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने काकचिंग जिले के हियांगलाम पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बशिखोंग मारिल और खोइदुम पट में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।

बरामद हथियारों में एक .303 लाइट मशीन गन (एलएमजी), एक एके घटक राइफल, दो सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक .303 राइफल, चार सिंगल बैरल बंदूकें, एक डबल बैरल बंदूक, दो पिस्तौल और छह हैंडहेल्ड रेडियो सेट शामिल हैं। जब्त हथियारों और अन्य सामान को आगे की कार्रवाई के लिए हियांगलाम पुलिस थाने को सौंप दिया गया है।

एक अन्य ऑपरेशन में चुराचांदपुर जिले के बेहियांग पुलिस थाने की टीम ने बेहियांग गांव से मादक पदार्थ रखने के आरोप में म्यांमार के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान पाउखानपियांग मिलुन (38), लियानसियानमिनथांग मिलुन (27) और पाउखांतुआंग मिलुन (27) के रूप में हुई है। तीनों पड़ोसी देश म्यांमार के टेडिम टाउनशिप के रहने वाले हैं।

पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 7.4 किलोग्राम अत्यधिक नशीली मेथामफेटामाइन की गोलियां बरामद कीं, जिन्हें आमतौर पर याबा या पार्टी टैबलेट के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा तीन किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और दो केनबो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। बरामद मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 22.18 करोड़ रुपये बताई गई है।

इस मामले में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

मणिपुर और मिजोरम पूर्वोत्तर भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के प्रमुख गलियारों के रूप में उभरे हैं। इसकी बड़ी वजह म्यांमार के साथ इन राज्यों की लंबी और संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा गोल्डन ट्रायंगल से उनकी भौगोलिक निकटता है।

मिजोरम के छह और मणिपुर के पांच जिले म्यांमार के साथ कुल 910 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। इस वजह से दोनों राज्य सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के लिहाज से संवेदनशील बने हुए हैं।

म्यांमार, लाओस और थाईलैंड के कुछ हिस्सों को मिलाकर बना गोल्डन ट्रायंगल लंबे समय से सिंथेटिक ड्रग्स समेत अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खुली अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के कारण सुरक्षा एजेंसियों के सामने तस्करी रोकने और सीमा पार सक्रिय नेटवर्क को ध्वस्त करने की चुनौती बनी हुई है।

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने थौबल जिले के थौबल पुलिस थाने में दर्ज चोरी के एक मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान नामइराकपम रंजीत सिंह (31) के रूप में हुई है। वह हीरोक हेइतुपोकपी का निवासी है और कथित तौर पर कीराक मानिंग लीकाई में रह रहा था।

जांच के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सोने के कई आभूषण और जेवरात बरामद किए। इनमें चेन, कान की बालियां, अंगूठियां, कंगन और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा 50 हजार रुपये नकद और एक शेवरले बीट कार भी जब्त की गई है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

डीएससी