Aapka Rajasthan

मणिपुर और नागालैंड के मुख्यमंत्रियों ने शांति, विकास और आपसी सहयोग पर चर्चा की

इंफाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच शांति, विकास और आपसी सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
 

इंफाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच शांति, विकास और आपसी सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंफाल के बाबूपाड़ा स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई इस बैठक में दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच शांति, विकास और आपसी विश्वास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई।

मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर लिखा, "इंफाल के बाबूपाड़ा स्थित मेरे आधिकारिक आवास पर नागालैंड के मुख्यमंत्री डॉ. नेफ्यू रियो से मुलाकात हुई। उनके साथ नागालैंड के विधायक और मुख्यमंत्री के सलाहकार अचंबेमो किकोन भी मौजूद रहे।"

खेमचंद सिंह ने कहा, "हमने दोनों राज्यों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक सार्थक बैठक की। इस बैठक में मणिपुर के उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो और एनपीएफ (नागा पीपुल्स फ्रंट) के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अवांगबो न्यूमाई भी शामिल हुए।"

60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के पांच विधायक हैं और यह राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की सहयोगी पार्टी है। मणिपुर के उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो, एनपीएफ के एक वरिष्ठ नेता भी हैं।

मणिपुर के तीन जिलों तामेंगलोंग, सेनापति और उखरुल की सीमाएं उत्तर में नागालैंड से लगती है। मणिपुर के छह जिलों तामेंगलोंग, चंदेल, उखरुल, कामजोंग, नोनी और सेनापति में बड़ी संख्या में नागा समुदाय के लोग रहते हैं। ये जिले नागालैंड और म्यांमार की सीमाओं के पास स्थित हैं।

इस साल फरवरी से नागा और कुकी-जो समुदायों के बीच हुई झड़पों में 60 से अधिक लोग मारे गए हैं और दर्जनों घरों को आग लगा दी गई है। हिंसा मुख्य रूप से उखरुल, कामजोंग, कांगपोकपी, तामेंगलोंग और नोनी जिलों के साथ-साथ सेनापति जिले के कुछ हिस्सों तक सीमित रही है।

13 नवंबर को उखरुल जिले के न्यू हेवन में, इंफाल-दीमापुर हाईवे कहे जाने वाले नेशनल हाईवे-2 (एनएच-2) पर कुकी उग्रवादियों द्वारा किए गए हमले में नागा समुदाय के कम से कम चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक मां और उसका बेटा भी शामिल थे।

मणिपुर के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नागा नेता लोसी डिखो ने इससे पहले राज्य में चल रहे जातीय संकट का स्थायी समाधान खोजने के लिए बातचीत और सुलह का आह्वान किया था।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम