Aapka Rajasthan

शरवानंद-मानसा वाराणसी स्टारर 'जॉर्ज कृष्ण' की डबिंग शुरू, संक्रांति 2027 को फिल्म रिलीज की तैयारी

हैदराबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक श्रीनू वैतला की आगामी तेलुगु फिल्म 'जॉर्ज कृष्ण' के लिए डबिंग का काम शुरू हो गया है। अभिनेता शरवानंद और मानसा वाराणसी अभिनीत इस फिल्म का डबिंग सत्र पारंपरिक पूजा के साथ शुरू किया गया। फिल्म का निर्माण कर रही एके एंटरटेनमेंट्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी।
 

हैदराबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक श्रीनू वैतला की आगामी तेलुगु फिल्म 'जॉर्ज कृष्ण' के लिए डबिंग का काम शुरू हो गया है। अभिनेता शरवानंद और मानसा वाराणसी अभिनीत इस फिल्म का डबिंग सत्र पारंपरिक पूजा के साथ शुरू किया गया। फिल्म का निर्माण कर रही एके एंटरटेनमेंट्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी।

प्रोडक्शन हाउस ने पोस्ट में लिखा कि संक्रांति पर रिलीज होने वाली इस मनोरंजक फिल्म की डबिंग शुरू हो चुकी है और निर्देशक श्रीनू वैतला शरवानंद तथा मानसा वाराणसी के साथ दर्शकों के लिए भरपूर मनोरंजन लेकर आ रहे हैं।

साझा किए गए वीडियो में फिल्म की नायिका मानसा वाराणसी अपने किरदार के लिए डबिंग करती नजर आईं। उनकी पिछली फिल्म 'कपल फ्रेंडली' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और उनके अभिनय की भी काफी सराहना हुई थी। सूत्रों के अनुसार, 'जॉर्ज कृष्ण' में भी उनका किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाएगा।

फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्साह बना हुआ है, क्योंकि शरवानंद हालिया सफल फिल्मों 'नारी नारी नडुमा मुरारी' और 'बाइकर' के बाद पहली बार निर्देशक श्रीनू वैतला के साथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्माण रामब्रह्मम सुंकारा कर रहे हैं, जबकि एके एंटरटेनमेंट्स के बैनर तले अनिल सुंकारा इसके निर्माता और अजय सुंकारा सह-निर्माता हैं।

निर्माताओं द्वारा पहले जारी किए गए 'फर्स्ट बूस्टर' वीडियो से संकेत मिला था कि फिल्म में शरवानंद दोहरी भूमिका में नजर आ सकते हैं। वीडियो में उन्हें एक ईसाई युवक जॉर्ज और एक हिंदू युवक कृष्ण के रूप में दिखाया गया था।

फिल्म अगले वर्ष 14 जनवरी 2027 को संक्रांति के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। संक्रांति शरवानंद के लिए खास रही है, क्योंकि इस पर्व पर रिलीज हुई उनकी कई फिल्में बड़ी हिट साबित हुई हैं। 'शतमानम भवति', 'एक्सप्रेस राजा' और 'नारी नारी नडुमा मुरारी' जैसी फिल्मों को संक्रांति रिलीज का लाभ मिला था।

फिल्म की तकनीकी टीम भी मजबूत मानी जा रही है। केवी गुहान इसके छायाकार हैं, जबकि संगीत अनुप रूबेंस ने दिया है। प्रोडक्शन डिजाइन अश्विनाश कोल्ला ने तैयार किया है और संपादन अमर रेड्डी कुदुमुला ने किया है। फिल्म की कहानी नंदू सविरिगाना और गोपी मोहन ने लिखी है।

--आईएएनएस

वीसी