बंगाल के हाबरा में शर्मनाक घटना, नाबालिग बेटी से उत्पीड़न के आरोप में पिता गिरफ्तार
कोलकाता, 23 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक व्यक्ति को नाबालिग बेटी के साथ पिछले एक वर्ष से यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा थाना क्षेत्र में हुई। मामला तब सामने आया जब बड़ी बेटी ने देखा कि बीमार पड़ने के बाद उसकी छोटी बहन के व्यवहार में बदलाव आया है।
बड़ी बेटी ने अपनी मौसी और दादी को इस बारे में बताया और बाद में उस व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान दीपन हलदर के रूप में हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों लड़कियों की मां की लगभग आठ वर्ष पहले एक दुर्घटना में मौत हो गई थी, तब से परिवार में केवल पिता और दो बेटियां ही रह रहे थे।
आरोप है कि पिता घर में किसी और के न होने का फायदा उठाकर अपनी नाबालिग बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। लड़की अब 17 वर्ष की है। पुलिस के मुताबिक, उसने बताया कि उसका पिता पिछले एक वर्ष से उसका यौन शोषण कर रहा था। पिता अपनी बेटी को धमकी देता था कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे और भी बुरे अंजाम भुगतने पड़ेंगे।
पुलिस के अनुसार, उसने अपनी बेटी के साथ मारपीट भी की। रोजाना इतना अत्याचार सहने के बावजूद वह चुप रही।
यह मामला कुछ दिन पहले तब सामने आया जब पीड़िता की बहन ने अपनी मौसी और दादी को इस शोषण के बारे में बताया। लड़की से बात करने और उसकी आपबीती सुनने के बाद मौसी ने हाबरा पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बारासात पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सात दिन की पुलिस रिमांड की मांग के साथ बारासात अदालत में पेश किया जाएगा। 'प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस' (पोक्सो) एक्ट, 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है।"
--आईएएनएस
डीके/वीसी
