Aapka Rajasthan

मालदीव के 42 द्वीपों पर बनेंगे आधुनिक फिटनेस सेंटर, भारत के सहयोग से ल‍िए मंत्र‍ियों ने जताया आभार

माले, 19 जुलाई (आईएएनएस)। मालदीव के विदेश मंत्री इरुथिशाम आदम और युवा सशक्तीकरण, खेल एवं फिटनेस मंत्री अब्दुल्ला रफीउ ने भारत सरकार के उदार सहयोग के लिए आभार जताया। भारत और मालदीव के बीच मालदीव के समुदायों के विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों मंत्रियों ने कहा कि भारत की इस मदद से मालदीव के लोगों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा।
 

माले, 19 जुलाई (आईएएनएस)। मालदीव के विदेश मंत्री इरुथिशाम आदम और युवा सशक्तीकरण, खेल एवं फिटनेस मंत्री अब्दुल्ला रफीउ ने भारत सरकार के उदार सहयोग के लिए आभार जताया। भारत और मालदीव के बीच मालदीव के समुदायों के विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों मंत्रियों ने कहा कि भारत की इस मदद से मालदीव के लोगों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आएगा।

मालदीव के विदेश मंत्रालय ने बताया, "मालदीव सरकार (जीओएम) और भारत सरकार (जीओआई) ने भारत की अनुदान सहायता योजना 'हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स (एचआईसीडीपी)' के तहत 42 द्वीपों में फिटनेस और मनोरंजन केंद्रों के लिए उपकरण उपलब्ध कराने को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह हस्ताक्षर समारोह विदेश मंत्रालय में आयोजित हुआ, जो दोनों देशों के लगातार मजबूत होते रिश्तों में एक और अहम कदम है।"

इस समझौते पर मालदीव सरकार की ओर से विदेश मंत्री इरुथिशम ने हस्ताक्षर किए। भारत की ओर से मालदीव में भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यम ने हस्ताक्षर किए, जबकि इस परियोजना को लागू करने वाली एजेंसी की ओर से मंत्री अब्दुल्ला राफिउ ने दस्तखत किए।

समारोह के दौरान विदेश मंत्री इरुथिशम एडम ने कहा कि 42 द्वीपों में फिटनेस और मनोरंजन केंद्रों के लिए उपकरण उपलब्ध कराना वहां के लोगों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही महिलाओं और लड़कियों को अच्छी फिटनेस सुविधाएं अधिक आसानी से मिल सकेंगी। इससे महिलाओं का सशक्तीकरण, समानता और सामाजिक भागीदारी भी बढ़ेगी।

समारोह में बोलते हुए मंत्री अब्दुल्ला रफीउ ने कहा कि ये फिटनेस और मनोरंजन केंद्र ऐसे सामुदायिक स्थान बनेंगे, जहां लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे और पूरे समुदाय का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल से हर उम्र के लोगों, खासकर महिलाओं और युवाओं को खेल और मनोरंजन गतिविधियों में भाग लेने के ज्यादा अवसर मिलेंगे। इससे द्वीपों के लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और उनके समुदाय लंबे समय तक मजबूत और सक्षम बनेंगे।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों मंत्रियों ने भारत सरकार की इस उदार मदद के लिए आभार जताया और कहा कि इससे मालदीव के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

विदेश मंत्री इरुथिशम ने भारत सरकार और भारत की जनता का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की और कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता अहम रही है।

उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने भारत-मालदीव संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। साथ ही उन्होंने भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यम और उनकी टीम की भी सराहना की, जिन्होंने दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी