मणिकंदन के साथ स्क्रीन शेयर कर खुश हैं दिव्या श्रीपदा, बोलीं- 'चोट लगने के बाद भी प्रोजेक्ट पर ही रहा उनका ध्यान'
मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री दिव्या श्रीपदा जल्द ही तमिल सिनेमा में अपनी शुरुआत करने जा रही हैं। वह निर्देशक संतोष कुमार की आने वाली एक्शन फिल्म 'मक्कल कावलन' में नजर आएंगी। इस फिल्म में मणिकंदन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
दिव्या ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने को-स्टार मणिकंदन की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि वह बेहद मेहनती हैं और सेट पर अपने आसपास के सभी लोगों का पूरा ध्यान रखते हैं। उनके साथ काम करने का अनुभव काफी अच्छा रहा।
मणिकंदन की तारीफ करते हुए दिव्या ने कहा, ''फिल्म में मेरे को-स्टार मणिकंदन बहुत ही मेहनती और जुनूनी कलाकार हैं। वह दूसरों का बहुत ध्यान रखते हैं और उनके आसपास क्या हो रहा है, इस बात को लेकर भी हमेशा सजग रहते हैं।''
दिव्या ने फिल्म की शूटिंग के दौरान आई मुश्किलों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ''कई बार हमें बहुत मुश्किल हालात में शूटिंग करनी पड़ी। मदुरै के दक्षिणी इलाके और विरुधुनगर में खुले मैदानों में तेज धूप के बीच शूटिंग हुई। वहां कहीं छाया नहीं थी। कई बार हमें लू भी लगी। फिल्म में काफी फाइट सीन हैं और एक्शन करते समय मणिकंदन को कई जगह चोटें आईं। उनके टखने में भी मोच आ गई थी, लेकिन इन सबके बावजूद उनका ध्यान अपने काम पर ही था।''
फिल्म में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए दिव्या ने कहा, ''मैं मलार नाम की लड़की का रोल निभा रही हूं, जो एक कोर्ट में टाइपिस्ट है। मलार अपने समुदाय की पहली लड़की है, जिसने डिग्री हासिल की है और नौकरी भी की है। वह समाज की पुरानी सोच और बंदिशों को तोड़कर आगे बढ़ती है। लेकिन उसके मन में खुद को लेकर हीन भावना भी रहती है। अपने इस डर को छिपाने के लिए वह तेज आवाज में बात करती है।''
दिव्या ने कहा, ''फिल्म में मणिकंदन एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं और उनका किरदार अक्सर कोर्ट आता-जाता रहता है। इसी दौरान मलार और पुलिस अधिकारी की मुलाकात होती है। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो जाती है और फिर वे एक-दूसरे के लिए भरोसेमंद साथी बन जाते हैं। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला।''
बिरला स्टूडियोज और पा रंजीत व अदिति आनंद के नीलम स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म को संतोष कुमार ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म की कहानी एक आम आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो इज्जत के साथ अपनी जिंदगी जीना चाहता है। लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था उसे दो रास्तों में से एक चुनने पर मजबूर कर देती है या तो वह हालात के आगे झुक जाए या फिर उनके खिलाफ खड़ा हो।
फिल्म में मणिकंदन और दिव्या श्रीपदा के अलावा वागई चंद्रशेखर, ए वेंकटेश, आरके विजयमुरुगन, शनमुगम मुथुसामी, सबुमोन, उन्नी माया, जेनसन दिवाकर, लल्लू, जेमिनी मणि और रघु सहित कई कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म 4 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
