Aapka Rajasthan

महाराष्ट्र में 180 नाबालिगों के शोषण का आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी साइबर सेल

अमरावती, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर 180 नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है।
 
महाराष्ट्र में 180 नाबालिगों के शोषण का आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी साइबर सेल

अमरावती, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर 180 नाबालिग लड़‌कियों के यौन शोषण और 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है।

आरोपी की पहचान मोहम्मद अयाज उर्फ तनवीर के रूप में हुई है, जो परतवाड़ा शहर का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। वह पहले उनसे दोस्ती करता और फिर धीरे-धीरे उन्हें लव ट्रैप में डालकर अपने साथ मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में ले जाता था।

पुलिस के मुताबिक, इन शहरों में ले जाकर वह कथित तौर पर लड़कियों का शोषण करता और उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करता था। जांच में यह भी पता चला है कि इन वीडियो का इस्तेमाल बाद में पीड़ितों को ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था और उन्हें जबरन गलत कामों में धकेला जाता था। कुछ वीडियो के ऑनलाइन प्रसारित होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच साइबर सेल कर रही है।

इस पूरे मामले को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। अब साइबर सेल डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो किस तरह और किन लोगों तक पहुंचे।

जांच एजेंसियों को यह भी शक है कि पूरे मामले में सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक बड़ा नेटवर्क शामिल हो सकता है। इसी शक के आधार पर पुलिस ने चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

इस घटना के बाद परतवाड़ा और आसपास के इलाकों में भारी गुस्सा देखने को मिला है। कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे शहर में बंद जैसा माहौल रहा। वहीं, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।

इस बीच, आरोपी से जुड़ी संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर अवैध निर्माण हटाने के लिए बुलडोजर तैनात किए गए। आरोपी के घर के अन्य हिस्सों को भी अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया गया है। नगर परिषद ने 30 दिन का बेदखली नोटिस जारी किया है।

भाजपा विधायक प्रवीण तायडे ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो उस पर भी बुलडोजर चलाया जाएगा।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम