फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार होगा मेगा हाफटाइम शो, मैडोना, बीटीएस और शकीरा एक साथ मचाएंगे धमाल
लॉस एंजेलिस, 14 मई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट को और भी खास बनाने के लिए फीफा ने एक बड़ा फैसला लिया है। पहली बार फीफा वर्ल्ड कप में सुपर बाउल की तरह एक मेगा हाफटाइम शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें दुनिया के कई बड़े म्यूजिक स्टार्स एक साथ मंच पर नजर आएंगे। इस शो में पॉप म्यूजिक की मशहूर स्टार मैडोना, के-पॉप सुपरस्टार ग्रुप बीटीएस और इंटरनेशनल सिंगर शकीरा एक साथ परफॉर्म करने वाले हैं।
इसकी जानकारी इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन फुटबॉल (फीफा) की तरफ से दी गई। फीफा ने एक टीजर वीडियो जारी किया, जिसमें क्रिस मार्टिन और मशहूर करैक्टर एल्मो नजर आए। वीडियो में मपेट शो के कई लोकप्रिय किरदार भी शामिल थे। इसी दौरान क्रिस मार्टिन और एल्मो ने मैडोना, बीटीएस और शकीरा के नामों का ऐलान किया। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई।
फीफा ने जानकारी दी कि इस हाफटाइम शो से होने वाली कमाई फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड को दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य दुनियाभर के बच्चों तक अच्छी शिक्षा और फुटबॉल की सुविधाएं पहुंचाना है। इस फंड के जरिए करीब 100 मिलियन डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है ताकि जरूरतमंद बच्चों की मदद की जा सके।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यू जर्सी में खेला जाएगा। वहीं, टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून से होगी। इससे पहले आखिरी बार फीफा वर्ल्ड कप 1994 में अमेरिका में आयोजित हुआ था और वह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे ज्यादा दर्शकों वाला वर्ल्ड कप बना था। अब 2026 में एक बार फिर अमेरिका में होने वाला यह टूर्नामेंट रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
वहीं, बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री नोरा फतेही फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करती नजर आएंगी। नोरा टोरंटो में होने वाले इस कार्यक्रम में सिंगिंग और डांस दोनों करेंगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 12 जून को कनाडा के बीएमओ फील्ड में आयोजित होगी। इस समारोह में माइकल बुबले, अलानिस मोरिसेट और एलेसिया कारा समेत कई बड़े कलाकार भी हिस्सा लेंगे।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
