ईशा की शादी के अगले दिन संसद पहुंच गई थीं हेमा मालिनी, मधु बोलीं- 'बेटी को छोड़कर अगले दिन सामान्य जिंदगी जीना आसान नहीं'
मुंबई, 16 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री मधु ने दिग्गज अभिनेत्री और राजनेता हेमा मालिनी की जिंदगी से जुड़ा एक किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि जब हेमा मालिनी की बड़ी बेटी ईशा देओल की शादी हुई थी, तो उसके ठीक अगले दिन वह संसद पहुंच गई थीं। मधु के लिए यह बात इसलिए खास है, क्योंकि एक मां के लिए बेटी की शादी और फिर उसके घर से विदा होने के बाद खुद को सामान्य जिंदगी में वापस लाना आसान नहीं होता। हालांकि हेमा मालिनी ने भावनाओं के बावजूद अपनी जिम्मेदारियों को निभाया और आगे बढ़ती रहीं। मधु का कहना है कि हेमा जी का यही अंदाज उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरित करता है।
आईएएनएस से खास बातचीत में मधु ने हेमा मालिनी की इस खूबी के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने कहा, ''वह जिंदगी में किसी भी परिस्थिति में आगे बढ़ने में विश्वास रखती हैं। यही सोच उन्हें एक मजबूत इंसान बनाती है।''
मधु ने ईशा देओल की शादी का उदाहरण देते हुए बताया कि शादी के अगले ही दिन हेमा मालिनी संसद चली गई थीं। उन्होंने कहा, ''जब ईशा की शादी हुई, तो अगले ही दिन वह संसद चली गईं। वह ईशा को मिस करती हैं। मां और बेटी का रिश्ता बेहद कोमल होता है। बेटी के घर से जाने के बाद अगले दिन सामान्य जिंदगी में लौटना आसान नहीं होता, लेकिन हेमा जी जिंदगी के साथ आगे बढ़ने पर विश्वास रखती हैं। एक इंसान के तौर पर वह शानदार हैं। वह मुझे प्रेरित करती हैं।''
मधु ने हेमा मालिनी के इसी रवैये से जुड़ा एक और किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार हेमा मालिनी के घर में चोरी हो गई थी। घर से कुछ कीमती सामान चोरी होने के बावजूद उन्होंने खुद को उस घटना के तनाव में ज्यादा देर तक नहीं रखा। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और फिर अगले ही दिन अपने सामान्य काम में लौट गईं।
मधु ने कहा, ''इस घटना ने भी मुझे हेमा मालिनी की सोच को समझने का मौका दिया कि जिंदगी में जो हो गया, उसे लेकर लगातार परेशान रहने के बजाय अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाते रहना चाहिए।''
मधु ने बताया कि जब उन्होंने हेमा मालिनी से पूछा कि वह इतनी बड़ी घटना के बाद भी इतनी सहज कैसे रह पाईं, तो हेमा जी ने उन्हें बेहद अलग अंदाज में जवाब दिया। हेमा मालिनी ने कहा था, ''क्या कर सकते हैं? शायद पिछले जन्म में मेरा उस पर कोई कर्ज था। अगर वे उसे ढूंढ लेंगे तो वह मुझे वापस मिल जाएगा।''
मधु और हेमा मालिनी के बीच सिर्फ इंडस्ट्री का रिश्ता नहीं है बल्कि दोनों एक-दूसरे की रिश्तेदार भी हैं। मधु, हेमा मालिनी की फर्स्ट कजिन हैं। मधु के पिता पी. रघुनाथन हेमा मालिनी के अंकल हैं।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
