Aapka Rajasthan

एलएंडटी को नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार के लिए 2,500 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। देश की निर्माण एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने सोमवार को ऐलान किया कि उसके हेवी सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार को नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड से नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार परियोजना के लिए 2,500 करोड़ रुपए का एक ऑर्डर मिला है।
 

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। देश की निर्माण एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने सोमवार को ऐलान किया कि उसके हेवी सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार को नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड से नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार परियोजना के लिए 2,500 करोड़ रुपए का एक ऑर्डर मिला है।

एलएंडटी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि इस परियोजना में दो हिस्सों में कुल 15.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट का आंशिक डिजाइन और निर्माण शामिल है। इसमें बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 और डिपो स्टेशन से बोराकी तक को सेक्शन का निर्माण किया जाएगा। साथ हीं, इसमें 10 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों का निर्माण भी शामिल है।

कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से नोएडा के तेजी से विस्तार करते शहरी क्षेत्र में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और यात्रियों की आवागमन सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। इसे 36 महीने के भीतर पूरा किया जाना निर्धारित है।

एलएंडटी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) परियोजनाओं, हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग, उत्पादों और सेवाओं के कारोबार में कई क्षेत्रों में सक्रिय है।

कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 78,750 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 67,984 करोड़ रुपए था।

कंपनी ने कहा कि यह वृद्धि प्रोजेक्ट्स, प्रोडक्ट्स एंड मैन्युफैक्चरिंग (पीपीएम) पोर्टफोलियो के विभिन्न कारोबारों में तेज प्रगति के कारण दर्ज की गई।

कंपनी ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान 1,47,665 करोड़ रुपए के ऑर्डर हासिल किए, जो सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इस दौरान कंपनी को हाइड्रोकार्बन-ऑफशोर एवं ऑनशोर, कार्बनलाइट सॉल्यूशंस, पब्लिक स्पेस, एयरपोर्ट और पावर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से कई बड़े ऑर्डर मिले।

कंपनी के कुल नए ऑर्डर में अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर की हिस्सेदारी 63 प्रतिशत रही और इनका कुल मूल्य 92,375 करोड़ रुपए था।

एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रह्मण्यन ने कहा, "कंपनी ने लगातार बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच एक मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया है। यह प्रदर्शन ग्राहकों के निरंतर भरोसे और विभिन्न क्षेत्रों एवं भौगोलिक बाजारों में बड़े तथा जटिल ठेके हासिल करने की हमारी क्षमता को दर्शाता है। हमने एक बार फिर तिमाही आधार पर अब तक का सबसे अधिक ऑर्डर इनफ्लो हासिल किया है। हमारे प्रोजेक्ट्स, प्रोडक्ट्स एंड मैन्युफैक्चरिंग कारोबार में केंद्रित क्रियान्वयन से राजस्व वृद्धि को गति मिली है। 8.5 लाख करोड़ रुपए की अब तक की सबसे बड़ी ऑर्डर बुक से आने वाले कई वर्षों के राजस्व की स्पष्ट संभावनाएं मिलती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "हम इस वृद्धि की गति को बनाए रखने के लिए अच्छी स्थिति में हैं। अपने हितधारकों के लिए विकास और दीर्घकालिक मूल्य सृजन को बढ़ावा देने के लिए हम नवाचार, डिजिटल क्षमताओं और प्रौद्योगिकी आधारित कारोबारों में निवेश जारी रखेंगे।"

--आईएएनएस

एबीएस