एलपीजी आपूर्ति नियंत्रण में है, घबराने की कोई जरूरत नहीं: दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को निवासियों को आश्वासन दिया कि राजधानी में घरेलू और कमर्शियल, दोनों तरह की एलपीजी सप्लाई स्थिर, पर्याप्त और नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि कुकिंग गैस या किसी अन्य ईंधन की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से प्रभावित न हों और शांत रहें।
घरेलू एलपीजी के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार को कुल 1,11,766 बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि तीन तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 1,30,094 सिलेंडर डिलीवर किए, जो बुकिंग की संख्या से काफी ज्यादा है।
इससे पता चलता है कि पेंडिंग बैकलॉग को कुशलता से निपटाया जा रहा है और सप्लाई चेन मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि औसत डिलीवरी का समय पहले के 4.24 दिनों से सुधरकर 3.87 दिन हो गया है, जिससे समय पर घर-घर डिलीवरी सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने कहा कि कमर्शियल एलपीजी के मामले में दिल्ली का कोटा प्रतिदिन 6,480 एलपीजी सिलेंडरों (19 किलोग्राम के बराबर) का है। इसकी तुलना में पिछले एक हफ्ते में औसत दैनिक खपत (ऑफटेक) केवल 4,268 सिलिंडर रही है, जिसमें 5 किलोग्राम वाले 'फ्री ट्रेड एलपीजी सिलिंडर' भी शामिल हैं। इससे यह साफ जाहिर होता है कि आपूर्ति, मांग से कहीं ज्यादा है।
मुख्यमंत्री ने सभी कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं, विशेष रूप से 5 किलोग्राम वाले सिलिंडर इस्तेमाल करने वालों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अनावश्यक चिंता न करें और न ही सिलिंडरों का जखीरा जमा करें।
उन्होंने इस बात को फिर से दोहराया कि पूरे शहर में वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से काम कर रही है और सिलिंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि पहुंच को आसान बनाने के लिए खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग का एक विशेष कंट्रोल रूम काम कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जिन कमर्शियल ग्राहकों को एलपीजी सिलेंडर लेने में कोई भी दिक्कत आ रही है, वे हफ्ते के किसी भी दिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे के बीच 011-23379836 या 8383824659 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि सरकार ने ग्राहकों और संस्थानों को पीएनजी अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया है, क्योंकि यह ईंधन की एक भरोसेमंद और लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करता है।
--आईएएनएस
एमएस/
