नेताओं को जनता की बढ़ती उम्मीदों पर ध्यान देना चाहिए: मुख्यमंत्री नायडू
विशाखापत्तनम, 13 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सरकार और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि नेताओं को जनता की बढ़ती उम्मीदों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नेताओं को नियमित रूप से जनता की चिंताओं को सुनना चाहिए, उनकी बढ़ती उम्मीदों को समझना चाहिए, और प्रभावी बातचीत तथा काम करके लोगों का भरोसा जीतना चाहिए।
यहां 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट के दूसरे दिन शुक्रवार को पत्रकार पालकी शर्मा के साथ एक बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकारों को या तो लोगों की उम्मीदों को पूरा करना चाहिए, या फिर स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि वे क्या हासिल कर सकती हैं और कितने समय में कर सकती हैं।
वे सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शनों, असहमति, और कानून लागू करने तथा लोगों के अपनी चिंताएं व्यक्त करने के अधिकार के बीच संतुलन बनाने से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
उनका मानना है कि जब लोगों की उम्मीदें बढ़ती हैं, लेकिन नेतृत्व का प्रदर्शन उन उम्मीदों के अनुरूप नहीं होता, तो भरोसे की कमी (ट्रस्ट डेफिसिट) पैदा हो जाती है। उन्होंने यूरोप के हालात का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे बढ़ती उम्मीदें और भरोसे की कमी सार्वजनिक अशांति का कारण बन सकती हैं।
भारत की स्थिति पर उन्होंने कहा कि देश ने अब तक एक सकारात्मक माहौल बनाए रखा है, लेकिन जैसे-जैसे लोगों की उम्मीदें बढ़ रही हैं, इस माहौल को कायम रखने के लिए लगातार काम करते रहना होगा।
चंद्रबाबू नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि केवल निजी संपत्ति से खुशी नहीं मिल सकती, जब तक कि पूरा समाज खुश न हो। उन्होंने सामूहिक जिम्मेदारी की बात करते हुए कहा कि राजनेताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, शिक्षाविदों और अभिभावकों को मिलकर काम करना चाहिए ताकि लोगों की उम्मीदों को पूरा किया जा सके।
उन्होंने तकनीक और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले केवल बड़े संगठन और जानी-मानी हस्तियां ही जनमत को प्रभावित कर सकती थीं, लेकिन आज हर किसी के पास 'इन्फ्लुएंसर' बनने की ताकत है। उन्होंने कहा कि सरकारों और नेताओं को इस बदलती सच्चाई को समझना चाहिए और समाज के हर वर्ग की जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए।
टीडीपी प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की और उन्हें एक ऐसा मजबूत नेता बताया, जिनकी तकनीक और विकास को लेकर सकारात्मक सोच है।
उन्होंने कहा कि अपने पांच दशकों के राजनीतिक अनुभव के दौरान उन्हें इंदिरा गांधी से लेकर कई प्रधानमंत्रियों के साथ काम करने का मौका मिला है, और अतीत में उन्होंने प्रधानमंत्रियों के चयन में भी भूमिका निभाई है।
केंद्र सरकार के कामकाज में एनडीए गठबंधन सहयोगी के तौर पर अपने प्रभाव से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को तकनीक से जुड़ी चर्चाओं के प्रति विशेष रूप से सकारात्मक पाया। उन्होंने याद करते हुए बताया कि पहले जब वे तकनीक के बारे में बात करते थे, तो कई नेता इसके महत्व को पूरी तरह नहीं समझ पाते थे। जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल इस विषय को समझा, बल्कि उन्हें तकनीकी पहलों को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
--आईएएनएस
एमएस/
