स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद इलाज के लिए दिल्ली रवाना हुए लालू यादव
पटना, 20 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव सोमवार को बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए। हाल ही में उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद आगे के इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया है।
उनके साथ पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटी एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती भी मौजूद रहीं।
पटना से रवाना होने से पहले मीसा भारती ने मीडिया से कहा कि लालू यादव की तबीयत अब पहले से काफी बेहतर है। उनका इलाज कई वर्षों से दिल्ली के एम्स में चल रहा है और आगे भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में वहीं इलाज जारी रहेगा।
शुक्रवार को लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया था।
उस समय उनके साथ राबड़ी देवी, मीसा भारती और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी मौजूद थे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका ईसीजी सहित कई जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए। आंखों की भी विस्तृत जांच की गई, जिसकी निगरानी नेत्र रोग विभाग के प्रमुख डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने की।
करीब दो घंटे तक निगरानी में रखने के बाद उनकी हालत स्थिर होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मीसा भारती ने पटना के कौटिल्य नगर इलाके में खराब सफाई व्यवस्था को भी उनकी तबीयत बिगड़ने की एक वजह बताया।
उन्होंने इस दौरान राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। मीसा भारती ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी के एक कॉलेज दौरे के दौरान जिला अधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी उनके साथ मौजूद थे।
उन्होंने कहा, "सरकार को तय करना चाहिए कि क्या मुख्यमंत्री की पत्नी को इस तरह की सरकारी सुरक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए। अगर डीएम और एसपी उनके साथ थे, तो सरकार को बताना चाहिए कि वे जनता की सेवा छोड़कर किस अधिकार से मुख्यमंत्री की पत्नी के साथ थे।"
लालू प्रसाद यादव किडनी ट्रांसप्लांट के बाद से लगातार डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
करीब दो महीने पहले वह नियमित जांच के लिए सिंगापुर भी गए थे। इसके लिए उन्होंने दिल्ली की एक अदालत से अनुमति ली थी।
चिकित्सकों ने उन्हें हर तीन महीने में नियमित जांच कराने की सलाह दी है, हालांकि पिछले एक साल के दौरान उनकी नियमित जांच प्रभावित हुई थी।
दिसंबर 2025 में हुई जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनकी आंखों में मोतियाबिंद और रेटिना से जुड़ी समस्या का भी पता लगाया था।
इसके बाद दिल्ली के एक निजी नेत्र अस्पताल में उनकी मोतियाबिंद और रेटिना की सफल सर्जरी की गई। तब से उनकी नियमित फॉलो-अप जांच चल रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
