'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' की परख मदान ने कहा- 'खूबसूरती फिल्टर में नहीं, सेहत और आत्मविश्वास में होती है'
मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। टीवी अभिनेत्री परख मदान इन दिनों लोकप्रिय शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में नजर आ रही हैं। उन्होंने खूबसूरती, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और खुद को स्वीकार करने की जरूरत को लेकर खुलकर बात की। उनका कहना है कि आज के दौर में सोशल मीडिया फिल्टर्स और परफेक्ट दिखने की चाहत के कारण लोग एक ऐसी खूबसूरती के पीछे भाग रहे हैं, जो असल जिंदगी में मौजूद ही नहीं होती। इंसान की असली पहचान उसके स्वास्थ्य और व्यक्तित्व से होती है, न कि किसी एडिट की गई तस्वीर से।
परख मदान ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सोशल मीडिया फिल्टर धीरे-धीरे लोगों की सोच को प्रभावित कर रहा हैं और खासकर युवाओं में अपने लुक को लेकर दबाव पैदा कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति एक क्लिक या स्वाइप से अपने चेहरे की कमियों को छिपा सकता है या अपनी शक्ल बदल सकता है, तो इसका असर सिर्फ तस्वीर तक नहीं, बल्कि इंसान के खुद को देखने के नजरिए पर भी पड़ता है।
अभिनेत्री ने कहा, ''जब आप एक स्वाइप में अपनी हर कमी को मिटा सकते हैं या अपने फीचर्स बदल सकते हैं, तो आप सिर्फ एक तस्वीर को एडिट नहीं कर रहे होते, बल्कि वास्तविकता के साथ अपने रिश्ते को भी बदल रहे होते हैं।''
परख ने लोगों से अपील की कि वे खुद को वैसे ही स्वीकार करें जैसे वे हैं। उन्होंने कहा, ''किसी भी इंसान की कीमत इस बात से तय नहीं होनी चाहिए कि वह सोशल मीडिया पर कितना परफेक्ट दिखाई देता है। हमारी अहमियत हमारी सेहत, हमारी ऊर्जा और हमारी वास्तविकता में है, न कि किसी परफेक्ट स्क्रीन इमेज से मेल खाने में। किसी ऐसे सिस्टम को अपनी कीमत तय करने का अधिकार न दें, जो आपको असुरक्षित महसूस करा सकता है।''
अभिनेत्री ने अपनी मानसून स्किन केयर रूटीन के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, '' बारिश के मौसम में बढ़ी हुई नमी आपकी त्वचा को थका हुआ और चिपचिपा बना सकती है। इससे बचने के लिए मैं हायलूरोनिक एसिड वाले वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर और मैटिफाइंग सनस्क्रीन का इस्तेमाल करती हूं, जिससे त्वचा हाइड्रेट रहती है और ज्यादा ऑयली भी नहीं दिखती।''
परख मदान का बताया है कि वह विज्ञान और घरेलू उपायों के बीच संतुलन बनाए रखने में विश्वास करती हैं। उन्होंने कहा, ''प्रोफेशनल प्रोडक्ट्स आपको खास जरूरतों के हिसाब से समाधान देते हैं, जबकि घरेलू उपाय हल्की और लंबे समय से चली आ रही देखभाल देते हैं। काम के बाद डबल क्लीनिंग करना मेरी स्किन केयर का जरूरी हिस्सा है। इसके बाद मैं टोनर, जेल बेस्ड मॉइस्चराइजर लगाती हूं और हफ्ते में एक बार दही, शहद और हल्दी से बना घरेलू फेस पैक इस्तेमाल करती हूं।"
अभिनेत्री ने खूबसूरती को अंदरूनी स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा कि जब शरीर स्वस्थ होता है, मन शांत होता है और इंसान खुद का ख्याल रखता है, तो चेहरे पर एक अलग प्राकृतिक चमक दिखाई देती है। इस चमक को किसी मेकअप या स्टाइलिंग से हासिल नहीं किया जा सकता।
बता दें कि स्टार प्लस के शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में परख मदान नियति ओबेरॉय का किरदार निभा रही हैं। यह शो पुराने लोकप्रिय धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का सीक्वल है।
--आईएएनएस
पीके/एएस
