Aapka Rajasthan

एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करने का कुमार सानू ने बताया राज, बोले- '20-25 मिनट में गाना हो जाता था तैयार'

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। 90 के दशक में हिंदी फिल्म संगीत की दुनिया में एक के बाद एक हिट गाने देने वाले गायक कुमार सानू ने अपने करियर में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसने सबको हैरान कर दिया। उन्होंने एक ही दिन में 28 गाने रिकॉर्ड किए और इसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ।
 

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। 90 के दशक में हिंदी फिल्म संगीत की दुनिया में एक के बाद एक हिट गाने देने वाले गायक कुमार सानू ने अपने करियर में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसने सबको हैरान कर दिया। उन्होंने एक ही दिन में 28 गाने रिकॉर्ड किए और इसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ।

उस समय गानों की रिकॉर्डिंग आज की तरह आसान नहीं थी। संगीतकारों, गायकों और पूरी टीम को स्टूडियो में घंटों मेहनत करनी पड़ती थी। ऐसे में एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी। अब कुमार सानू ने इस रिकॉर्ड के पीछे की कहानी बताई है। उन्होंने बताया कि आखिर उस दौर में इतने कम समय में इतने सारे गाने रिकॉर्ड करना कैसे संभव हुआ।

कुमार सानू ने यह दिलचस्प किस्सा आईएएनएस से बातचीत के दौरान सुनाया। वह इन दिनों अपने नए गाने 'सुनियो जरा' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने एक दिन में 28 गाने कैसे रिकॉर्ड किए तो उन्होंने अपनी तेजी से गाना सीखने और उसे तुरंत गाने की क्षमता को इसका श्रेय दिया।

कुमार सानू ने बताया, ''लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि आपने 28 गाने कैसे गाए? मैं बहुत तेजी से गाने वाला गायक हूं। मैं किसी भी गाने को बहुत जल्दी पकड़ लेता हूं। यह भगवान का दिया हुआ तोहफा है और माता-पिता का आशीर्वाद है। मैं गाने को बहुत जल्दी समझता हूं और उतनी ही जल्दी उसे गा भी लेता हूं। मैं एक दिन में 12, 10 और 15 गाने तक रिकॉर्ड करता था। यह मेरा अंदाज था। जब कोई कलाकार आगे बढ़ने लगता है तो हर कोई उसके पीछे भागता है। मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ। मैं किसी को मना नहीं करना चाहता था। किसी को जल्दी होती थी, तो किसी की शूटिंग गाने की रिकॉर्डिंग की वजह से रुकी होती थी।''

उन्होंने आगे कहा, ''मेरे लिए किसी काम के लिए मना करना मुश्किल नहीं था। मैं हमेशा अपनी शर्तों पर जिंदगी जीते आया हूं और अपने स्वभाव को बदलना मेरे लिए संभव नहीं है। इस वजह से मुझे कई बार मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन मैंने इसकी परवाह नहीं की। मैं अपना स्वभाव नहीं बदल सकता, इसलिए अपनी तरह से आगे बढ़ता रहा।''

कुमार सानू ने उस दिन का किस्सा भी बताया, जब उन्हें 40 दिनों के अमेरिका दौरे पर रवाना होना था। उन्होंने कहा, ''उस दिन मुझे 40 दिनों के लिए अमेरिका जाना था। सभी लोग परेशान थे। उन्हें लग रहा था कि अगर मैं 40 दिनों के लिए चला गया तो उनकी फिल्मों की शूटिंग रुक जाएगी। मैंने अपने सेक्रेटरी से कहा कि सभी को फोन करो और एक-एक करके स्टूडियो बुलाओ। मैं यहीं बैठकर सबके गाने रिकॉर्ड कर दूंगा। वह मेरा अपना स्टूडियो था, इसलिए कोई परेशानी नहीं थी।''

उन्होंने कहा कि स्टूडियो में चाय-नाश्ते के साथ रिकॉर्डिंग का काम चलता रहा। उनके लिए एक गाना रिकॉर्ड करने में ज्यादा से ज्यादा 20 से 25 मिनट लगते थे। उन्होंने फिल्म 'आशिकी' के लोकप्रिय गाने 'सोचेंगे तुम्हें प्यार' का उदाहरण देते हुए बताया कि इसे रिकॉर्ड करने में उन्हें महज नौ मिनट लगे थे।

--आईएएनएस

पीके/डीकेपी