Aapka Rajasthan

संघर्ष के बाद तीन साल में पहली बार कुकी-ज़ो विधायक मणिपुर विधानसभा सत्र में हुए शामिल

इम्फाल, 2 सितंबर (आईएएनएस)। कुकी-ज़ो समुदाय के दो विधायक तीन साल से अधिक समय में पहली बार बुधवार को मणिपुर विधानसभा सत्र में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।
 

इम्फाल, 2 सितंबर (आईएएनएस)। कुकी-ज़ो समुदाय के दो विधायक तीन साल से अधिक समय में पहली बार बुधवार को मणिपुर विधानसभा सत्र में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।

मणिपुर विधानसभा के 12वें सत्र का आठवां सत्र बुधवार को इंफाल में शुरू हुआ, जिसमें कुकी-जो समुदाय से संबंधित पहाड़ी क्षेत्रों के विधायक 3 मई, 2023 को राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद पहली बार कार्यवाही में शामिल हुए।

सैतु विधानसभा क्षेत्र से विधायक हाओखोलेट किपगेन और साइकुल विधानसभा क्षेत्र से विधायक किमनेओ हाओकिप हैंगशिंग बुधवार को सत्र की पहली बैठक के दौरान उपस्थित थे।

तीन साल से अधिक के अंतराल के बाद सदन में उनकी उपस्थिति दर्ज कराई गई है, इस दौरान कुकी-ज़ो समुदाय के प्रतिनिधियों ने इम्फाल में विधानसभा की कार्यवाही में भाग नहीं लिया था।

मणिपुर विधानसभा में प्रवेश करते हुए हाओखोलेट किपगेन ने कहा कि वह लंबे समय बाद विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए वापस आकर खुश हैं।

हालांकि, उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने वर्चुअल मोड में सत्र में भाग लिया।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इस घटनाक्रम का स्वागत करते हुए इसे राज्य में एकता और शांति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा, "जन प्रतिनिधियों की ओर से यह एक अच्छा संकेत है और यह एक स्वागत योग्य कदम है।"

खेमचंद सिंह ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों से मणिपुर शांति और सुलह के मार्ग पर आगे बढ़ने का प्रयास कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने इस प्रगति का श्रेय राज्य सरकार के विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास की कमी को दूर करने और मुद्दों को सुलझाने के निरंतर प्रयासों को दिया।

उन्होंने हिंसाग्रस्त राज्य में समावेशी संवाद, सुलह और स्थायी शांति एवं सामान्य स्थिति की बहाली के प्रति अपने प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया।

बता दें कि 4 फरवरी, 2026 को मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह के नेतृत्व में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद, कुछ कुकी-जो विधायकों ने पिछली विधानसभा बैठकों में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया था।

इस बीच, कुकी आदिवासी समुदाय की सर्वोच्च संस्था, कुकी इनपी मणिपुर (केआईएम) ने 31 अगस्त को सभी कुकी-ज़ो विधायकों को निर्देश जारी किया था, जिसमें उनसे कुकी-ज़ो लोगों की अलग प्रशासन की मांग के राजनीतिक समाधान होने तक मणिपुर विधानसभा के आठवें सत्र में भाग लेने के लिए इम्फाल की यात्रा न करने को कहा गया था।

केआईएम ने एक बयान में कहा कि वह यह स्पष्ट करना चाहता है कि मणिपुर विधानसभा में कुकी-ज़ो विधायकों की भागीदारी ऐसे समय में होगी जब कुकी-ज़ो लोगों के भविष्य से संबंधित मूलभूत राजनीतिक प्रश्न अनसुलझा है, और यह कुकी-ज़ो लोगों की सामूहिक राजनीतिक स्थिति और आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं होगी।

इसमें कहा गया है कि कुकी-ज़ो लोगों ने अपनी राजनीतिक आकांक्षाओं को स्पष्ट कर दिया है, और एक अलग राजनीतिक प्रशासन की उनकी मांग एक ऐसा मुद्दा नहीं है जिसे सामान्य विधायी कार्यवाही फिर से शुरू करते समय यूं ही दरकिनार किया जा सके, मानो मौजूदा राजनीतिक संकट पहले ही हल हो चुका हो।

--आईएएनएस

एसएके/एएस