राजस्थान: एसीबी ने रिश्वत लेते संविदा कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया
जयपुर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कोटा इकाई ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए कोटा नगर निगम के संविदा कर्मचारी अखिलेश मीणा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
वहीं, एक अन्य आरोपी संविदा कर्मचारी नरेश वर्मा ट्रैप कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। एसीबी की टीम उसकी तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के पास शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि कोटा नगर निगम के संविदा कर्मचारी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत मकान निर्माण के लिए मंजूर 50 हजार रुपए की पहली किस्त में से रिश्वत मांग रहे थे।
आरोप है कि दोनों ने रिश्वत नहीं देने पर योजना की अगली किस्तों की मंजूरी रोकने की धमकी भी दी थी।
शिकायत मिलने के बाद 1 अक्टूबर 2026 को रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया।
सत्यापन के दौरान अखिलेश मीणा की ओर से कथित तौर पर 10 हजार रुपए और नरेश वर्मा की ओर से 5 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद एसीबी ने सोमवार को कोटा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा की निगरानी और एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के निर्देशन में ट्रैप कार्रवाई की।
इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक अनीश अहमद ने किया।
ट्रैप कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने कोटा नगर निगम के संविदा कर्मचारी अखिलेश मीणा को नगर निगम परिसर के बाहर शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, नरेश वर्मा को ट्रैप कार्रवाई की जानकारी मिल गई और वह मौके से फरार हो गया। एसीबी की टीम उसकी तलाश में जगह-जगह कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी अखिलेश मीणा से पूछताछ और आगे की कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला की निगरानी में की जा रही है।
एसीबी ने कहा कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। फरार आरोपी नरेश वर्मा की तलाश भी जारी है।
एसीबी ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ औपचारिक शिकायत या प्रारंभिक जांच समेत कोई मामला दर्ज किया गया है, तो संबंधित व्यक्ति अपना पक्ष रखने या स्पष्टीकरण देने के लिए सीधे एसीबी से संपर्क कर सकता है।
एसीबी की तय प्रक्रिया के अनुसार, संबंधित व्यक्ति की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण की विस्तार से जांच करने के बाद ही जांच को लेकर आगे का फैसला लिया जाता है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
