काली पूजा पर जमकर आतिशबाजी से कोलकाता की हवा हुई जहरीली, एक्यूआई 437 के पार
कोलकाता, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में काली पूजा के दौरान बड़े पैमाने पर पटाखे जलाए जाने के बाद वायु गुणवत्ता बेहद खराब हो गई। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि के तुरंत बाद शहर की हवा खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। यह स्थिति सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन के बीच सामने आई। हालांकि, प्रदूषण में भारी बढ़ोतरी के बावजूद कोलकाता देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल नहीं हुआ।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सोमवार रात दो बजे कोलकाता का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 437 दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इसे 'खतरनाक' श्रेणी में रखा है। इस दौरान हवा में सबसे खतरनाक माने जाने वाले सूक्ष्म कण पीएम2.5 की मात्रा 293 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर, जबकि पीएम10 का स्तर 354 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।
आधी रात तक शहर के बड़े हिस्से में धुएं और धुंध की घनी परत छा गई। उत्तर कोलकाता सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रहा। यहां कांकुड़गाछी में एक्यूआई का स्तर 610 तक पहुंच गया। इसके अलावा मानिकतला में 538, बेनियापुकुर में 528, लेबुतला में 491, काशीपुर में 490 और टालतला में 469 एक्यूआई दर्ज किया गया। शहर के कई अन्य इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ा हुआ रहा।
बिधाननगर (साल्ट लेक) में भी वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई। साल्ट लेक के ईई ब्लॉक में एक्यूआई 662 तक पहुंच गया। वहीं, डीजे ब्लॉक में 557 और बिधाननगर नगर निगम क्षेत्र में 490 एक्यूआई दर्ज किया गया। मध्य कोलकाता की स्थिति भी चिंताजनक रही। फोर्ट विलियम परिसर में प्रदूषण सूचकांक 484 दर्ज किया गया। एल्गिन रोड और हेस्टिंग्स में यह 462, जबकि मैदान इलाके में 461 रहा।
दक्षिण कोलकाता में भी लगभग ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। चक्रबेरिया में एक्यूआई 478, बालीगंज में 474, लेक टेरेस में 446, भवानीपुर में 432, चेतला में 425, ढाकुरिया में 397 और साउथ सिटी में 362 दर्ज किया गया। वहीं, हावड़ा जिले के घुसुड़ी में हवा में पीएम2.5 का अधिकतम स्तर 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया। बेलूर में यह 453 और उत्तर 24 परगना जिले में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय क्षेत्र में 474 दर्ज किया गया।
इस बीच, पर्यावरणविद् और ग्रीन टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ सोमेंद्र मोहन घोष ने आईएएनएस से बातचीत में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक उपाय अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि 15 साल पुराने वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। पुराने डीजल और पेट्रोल वाहन शहर में पीएम2.5, पीएम10 और ब्लैक कार्बन प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इसके अलावा सड़क किनारे कोयले के चूल्हों पर खाना बनाने वाले भोजनालयों पर भी रोक लगाने की जरूरत है।
घोष ने कहा कि फुटपाथों और सड़क किनारे लगे सैकड़ों कोयले के चूल्हे पूरे दिन जलते रहते हैं, जिससे आसपास के इलाकों में प्रदूषण बढ़ता है। छोटे दुकानदारों को स्वच्छ ईंधन अपनाने में सहायता देकर एलपीजी और बिजली से खाना पकाने की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
पर्यावरणविद् ने प्रशासन से शहर में 100 वाटर कैनन तैनात करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पानी के छिड़काव से पेड़ों की पत्तियों पर जमी धूल साफ होगी, जिससे उनकी प्राकृतिक छिद्र क्षमता बहाल करने और ऑक्सीजन उत्पादन की प्रक्रिया बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही हवा में मौजूद धूल के कण नीचे बैठेंगे और लोगों को सांस लेने के लिए अपेक्षाकृत स्वच्छ हवा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि पानी का छिड़काव, नियमों का सख्ती से पालन और स्वच्छ ईंधन का इस्तेमाल करके शहर में वायु प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
--आईएएनएस
डीएससी
