Aapka Rajasthan

पश्चिम बंगाल: पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, पुलिस कर रही कस्टडी में लेने की तैयारी

कोलकाता, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और गायक से राजनेता बने इंद्रनील सेन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सूत्रों ने बताया है कि सरकारी टेंडर देने में हुई कथित अनियमितताओं के सिलसिले में कोलकाता पुलिस पूर्व मंत्री की कस्टडी मांगने की तैयारी कर रही है।
 

कोलकाता, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और गायक से राजनेता बने इंद्रनील सेन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सूत्रों ने बताया है कि सरकारी टेंडर देने में हुई कथित अनियमितताओं के सिलसिले में कोलकाता पुलिस पूर्व मंत्री की कस्टडी मांगने की तैयारी कर रही है।

इंद्रनील सेन अभी यूनेस्को-टैग वाले फर्जी दुर्गा पूजा पास बेचने से जुड़े करोड़ों रुपए के घोटाले में न्यायिक हिरासत में हैं। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में पर्यटन मंत्री और सूचना एवं संस्कृति राज्य मंत्री रहे इंद्रनील सेन पर टेंडर प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं में शामिल होने का संदेह है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच टीम अगले सप्ताह अदालत में अर्जी देकर चार दिन की पुलिस कस्टडी की मांग करेगी। वे राज्य के सूचना एवं संस्कृति विभाग के लिए फर्नीचर और फिटिंग की खरीद में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में सेन से पूछताछ करना चाहती है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सूचना एवं संस्कृति विभाग को सीधे अपने नियंत्रण में रखा था, लेकिन राज्य मंत्री के तौर पर इंद्रनील सेन ही इसके कामकाज को संभालते थे। जांच के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां फर्नीचर और फिटिंग के टेंडर तय नियमों का पालन किए बिना दिए गए। साथ ही, प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में कम कोटेशन देने वालों को नजरअंदाज कर दिया गया।"

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन कथित अनियमितताओं में करोड़ों रुपए का वित्तीय लेनदेन शामिल है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कॉन्ट्रैक्ट देते समय जानबूझकर खरीद प्रक्रियाओं को दरकिनार किया गया था।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत, अगर कोई व्यक्ति किसी दूसरे मामले में न्यायिक हिरासत में है, तब भी जांच एजेंसियां ​​उसे अपनी कस्टडी में ले सकती हैं। इसलिए, कोलकाता पुलिस मंगलवार को अदालत में अर्जी देकर पूछताछ के लिए चार दिन की कस्टडी की मांग कर सकती है।

गौरतलब है कि पिछली सरकार के दौरान हुई वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से गठित एक न्यायिक आयोग भी इंद्रनील सेन पर लगे आरोपों की जांच कर रहा है। इसके अलावा, यौन शोषण के आरोपों के संबंध में हाल ही में दर्ज एक 'जीरो एफआईआर' में इंद्रनील सेन, राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री ब्रत्या बसु और 38 अन्य लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।

--आईएएनएस

डीसीएच/