Aapka Rajasthan

रिजिजू ने राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद कांग्रेस से पूछे चार सवाल, कहा- 'हम 1962 के अपमान को कभी नहीं भूलेंगे'

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को कांग्रेस पर नया हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर 1962 में चीन का कब्जा कराकर और भारत को एक गरीब देश बनाए रखने का आरोप लगाया। साथ ही, चार सवाल पूछते हुए रिजिजू ने कांग्रेस से माफी की मांग की।
 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को कांग्रेस पर नया हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर 1962 में चीन का कब्जा कराकर और भारत को एक गरीब देश बनाए रखने का आरोप लगाया। साथ ही, चार सवाल पूछते हुए रिजिजू ने कांग्रेस से माफी की मांग की।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "हम 1962 के अपमान को कभी नहीं भूलेंगे। 1962 में कांग्रेस ने सशस्त्र बलों और अरुणाचल प्रदेश के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया था। यह हमारे लिए एक बड़ा सबक है।"

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, "कांग्रेस ने हमारे लोगों को गरीब और राज्य को अविकसित बनाए रखा। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में समय बदल गया है।"

इससे पहले, पोस्ट में रिजिजू ने कांग्रेस से चार सवाल किए। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "कांग्रेस को 4 सवालों के जवाब देने चाहिए। पहला सवाल- 1962 में चीन ने मेरे गांव पर कब्जा कर लिया था। क्या कांग्रेस 1962 के उस अपमान के लिए माफी मांगेगी? दूसरा सवाल- कांग्रेस ने भारत को एक गरीब देश बनाए रखा। क्यों? तीसरा सवाल- भारत को 'सपेरों का देश' क्यों कहा जाता था? चौथा सवाल- भारत की अर्थव्यवस्था का 'हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ' कहकर अपमान क्यों किया गया?"

रिजिजू की ये टिप्पणियां तब आईं, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। राहुल गांधी ने यह आलोचना चीन में 'एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग' (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई एक त्रिपक्षीय बैठक के संदर्भ में की, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल थे।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो इस उच्च-स्तरीय बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व होता।

शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को भारत के खिलाफ बयान देने से बचना चाहिए, चाहे वह देश के भीतर हो या विदेश यात्राओं के दौरान।

--आईएएनएस

डीसीएच/