Aapka Rajasthan

केतन हत्याकांड: आरोपी सिया ने सहेली से की थी चौंकाने वाली बात, बोली- यह शादी कभी नहीं होने वाली है

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में सिया को लेकर एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोप है कि सिया ने एक सहेली से चैट में कहा था कि यह शादी कभी नहीं होने वाली है।
 

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में सिया को लेकर एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोप है कि सिया ने एक सहेली से चैट में कहा था कि यह शादी कभी नहीं होने वाली है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केतन अग्रवाल की हत्या की जांच में नई बातें सामने आई हैं। पता चला है कि दोनों आरोपियों (सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी) ने वारदात के बाद निगरानी से बचने के लिए बातचीत में कोड वाली भाषा और निकनेम का इस्तेमाल किया था। पुलिस का यह भी दावा है कि जांच के दौरान सिया और उसकी एक सहेली के बीच स्नैपचैट पर हुई बातचीत सामने आई है, जिसमें उसने चौंकाने वाली बात कही थी, "शादी कभी नहीं होने वाली है।"

सिया और उसकी सहेली के बीच हुई स्नैपचैट बातचीत की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट का टिकट बुक करने के लिए सिया ने अपने सहेली से आधार कार्ड की कॉपी मांगी थी। सिया ने चैट में कहा, "मुझे अपना आधार कार्ड भेजो ताकि एक ऐसी शादी के लिए टिकट बुक कर सकूं जो कभी होने ही नहीं वाली है।"

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या फ्लाइट बुकिंग उस योजना का हिस्सा थी, जिससे यह दिखाया जा सके कि शादी की तैयारियां चल रही हैं, ताकि हत्या की साजिश से शक हटाया जा सके। इस बात को लेकर भी जांच की जा रही है कि क्या केतन की मौत के बाद अधिकारियों को गुमराह करने के लिए ऐसा किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि कथित स्नैपचैट बातचीत की सच्चाई और सबूत के तौर पर उसकी अहमियत अभी तय होनी बाकी है। जांच करने वाले अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल फोन से डिलीट किए गए डेटा की फोरेंसिक रिकवरी से पता चलता है कि केतन की हत्या के बाद सिया और चेतन चौधरी ने कोड में मैसेज का आदान-प्रदान किया था।

पुलिस को शक है कि इस बातचीत का मकसद कथित साजिश की जानकारी छिपाना था। जांचकर्ताओं का दावा है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन की हत्या की और फिर सबूत मिटाने और जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की।

केतन हत्याकांड में दोनों आरोपियों को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने पुलिस की ओर से हिरासत में पूछताछ के लिए तीन दिन की अवधि बढ़ाने की अपील को खारिज कर दिया।

पुलिस ने हिरासत की अवधि बढ़ाने की मांग करते हुए तर्क दिया था कि सिया और चेतन के बीच हुई बातचीत को समझने, उनके मकसद का पता लगाने और हत्या की कथित साजिश में उनकी भूमिका तय करने के लिए आमने-सामने पूछताछ जरूरी है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी