कोच्चि : 'अश्लील' तस्वीरें फैलाने के आरोप में केरल का छात्र गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाले खुलासे
कोच्चि, 4 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के एक कॉलेज छात्र को शिक्षकों और छात्रों की मॉर्फ्ड (छेड़छाड़ की गई) अश्लील तस्वीरें फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके मोबाइल फोन से कथित तौर पर पता चला है कि टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए पैसे लेकर गलत तस्वीरें बेची जा रही थीं और डिवाइस में लड़कियों के हॉस्टल के कमरों के वीडियो और तस्वीरें भी मौजूद थीं।
भरत माता कॉलेज के सेकेंड ईयर के बीबीए छात्र एस. श्रीहरि को मैनेजमेंट की शिकायत के बाद कक्कनाड पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस की इजाजत से उसका फोन चेक करने वाले छात्रों को कई तस्वीरें मिली, जिनमें छात्राओं की तस्वीरें भी शामिल थीं। इन तस्वीरों का बार-बार गलत इस्तेमाल करके अश्लील बनाई गई थी।
छात्रों को टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए मॉर्फ्ड की गई तस्वीरें बेचने के सबूत भी मिले। इसका तरीका यह था कि टेलीग्राम चैट पर तस्वीरें भेजी जाती थीं और उसी चैनल के जरिए उनके मॉर्फ्ड किए गए वर्जन मिल जाते थे।
फोन चेक करने वाले छात्रों के मुताबिक, टीचरों और छात्रों की मॉर्फ्ड की गई तस्वीरें फैलाने के लिए खास ग्रुप भी बनाए गए थे। छात्र के फोन की गैलरी में गर्ल्स हॉस्टल के कमरों की तस्वीरें मिलने से जांच में एक नया मोड़ आ गया है।
पुलिस इसकी जांच करेगी कि क्या हॉस्टल के अंदर तस्वीरें ली गई थीं और बाद में उनका इस्तेमाल मॉर्फ्ड की गई तस्वीरें बनाने के लिए किया गया था। जांच करने वालों को यह भी पता चला है कि क्लास ले रहे टीचरों की तस्वीरें और वीडियो भी कथित तौर पर रिकॉर्ड किए गए थे और बाद में मॉर्फिंग के लिए इस्तेमाल किए गए थे।
आरोपी कॉलेज के ऑफिशियल प्रोग्राम और फंक्शन के लिए फोटोग्राफी और वीडियो एडिटिंग का काम करता था, जिससे उसे टीचरों और छात्रों की तस्वीरों और वीडियो तक पहुंच मिल जाती थी।
पुलिस को पहले ही उसके फोन पर बड़ी संख्या में मॉर्फ्ड की गई तस्वीरें और वीडियो मिले थे, जिनमें छात्राएं भी शामिल थी।
कॉलेज को इन कथित गतिविधियों के बारे में पहली बार 1 सितंबर को पता चला, जब एक पूर्व छात्र ने एक महिला टीचर को जानकारी दी। शुरुआती जांच में जानकारी की पुष्टि हुई, जिसके बाद श्रीहरि को सस्पेंड और कॉलेज से निकाल दिया गया।
पुलिस ने इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट की धारा 67ए समेत गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। डिजिटल ट्रेल्स का पता लगाने, कथित पैसों के लेन-देन की जांच करने और यह पता लगाने के लिए कि क्या इसमें कोई और भी शामिल था, साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
कॉलेज मैनेजमेंट द्वारा इस मामले को संभालने के तरीके को लेकर कैंपस में हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद गिरफ्तारी हुई।
एसएफआई के नेतृत्व में छात्रों ने प्रिंसिपल के ऑफिस के बाहर धरना दिया, जिसके बाद कक्कनाड पुलिस कैंपस पहुंची और श्रीहरि को हिरासत में ले लिया।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
