कन्नूर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन में केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज घायल, सीएम ने की निंदा
कन्नूर, 25 फरवरी (आईएएनएस)। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज बुधवार को कन्नूर रेलवे स्टेशन पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हो गईं। इसके बाद उन्हें अपनी आगे की यात्रा रद्द करनी पड़ी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मंत्री कन्नूर में सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद कन्नूर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। उन्हें वहां से वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी।
स्टेशन पहुंचते ही केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने और मंत्री के लिए रास्ता साफ करने की कोशिश की।
इसी दौरान स्टेशन के अंदर धक्का-मुक्की हो गई। बताया जा रहा है कि मंत्री प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आ गईं। इस दौरान उनके गले और हाथ में चोट लग गई।
विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर भी उसी समय स्टेशन पहुंचे थे।
मंत्री ने फोन पर बात करते हुए कहा कि उनके गले के दाहिने हिस्से में दर्द हो रहा है। पहले उन्होंने यात्रा जारी रखने की बात की, लेकिन दर्द बढ़ने के कारण उन्होंने सफर को रद्द कर दिया।
इसके बाद उन्हें स्टेशन से बाहर लाया गया और कन्नूर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
घटना की खबर मिलते ही सीपीआई (एम) के स्थानीय नेता अस्पताल पहुंचने लगे। पार्टी कार्यकर्ता भी अस्पताल के बाहर जमा हो गए।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधानसभा अध्यक्ष एएन शमसीर ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना सामान्य बात है, लेकिन किसी मंत्री के साथ धक्का-मुक्की करना गलत है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
पुलिस इस मामले की जांच करेगी और स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी।
मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि केएसयू द्वारा स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज पर किया गया हमला कांग्रेस पार्टी की खराब राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, "कन्नूर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य मंत्री पर हमला किया गया और वह घायल हो गईं। वहां जो हुआ वह कोई सामान्य प्रदर्शन नहीं था, बल्कि हिंसक लोगों का उत्पात था। मंत्री पर तब हमला किया गया जब वह प्लेटफॉर्म की ओर जा रही थीं।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "केरल में देश की सबसे बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था है और इसे सभी आधिकारिक एजेंसियों ने माना है। फिर भी कुछ घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर मंत्री को निशाना बनाया गया। इस हमले को राजनीति नहीं कहा जा सकता। यह राजनीति का गलत रूप है।"
उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस नेतृत्व को यह नहीं सोचना चाहिए कि अपने समर्थकों को आगे कर वे राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ सकते हैं। इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ गठबंधन के नेतृत्व की है। केएसयू कार्यकर्ताओं का यह हमला बेबुनियाद आरोप लगाकर राजनीति को गंदा करने का उदाहरण है। यह बेहद निंदनीय है और इसका कड़ा विरोध होना चाहिए।"
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
