मूसी की जमीन को वर्ल्ड बैंक के पास गिरवी रखने की हो रही कोशिश: के. कविता
हैदराबाद, 15 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना जागृति की नेता के. कविता ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार मूसी नदी के किनारे की जमीन को विश्व बैंक के पास गिरवी रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सब मूसी रिवरफ्रंट विकास परियोजना के नाम पर किया जा रहा है।
के. कविता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि इस परियोजना से आम जनता को क्या फायदा होगा।
उनका कहना है कि अभी तक इस परियोजना की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार नहीं हुई है, जिससे लगता है कि सरकार कुछ छिपाने की कोशिश कर रही है।
कविता ने यह भी कहा कि वह हैदराबाद डिजास्टर रिस्पोंस एंड असेट प्रोटेक्शन एजेंसी (एचवाईडीआरएए) के कमिश्नर एवी रंगनाथ के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करेंगी। उनका आरोप है कि रंगनाथ ने उनके खिलाफ आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि पहले रंगनाथ ने एक पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि आदित्य कंस्ट्रक्शंस जमीन पर कब्जा कर रही है। जब उन्होंने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया तो उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई।
कविता ने चेतावनी दी कि अगर आज शाम तक उनके खिलाफ पोस्ट किए गए वीडियो नहीं हटाए गए, तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों का कहना था कि मूसी नदी के किनारे से 30 मीटर के अंदर बने सभी ढांचों को गिरा दिया जाएगा, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक निजी संपत्ति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, क्योंकि वह सीधे मूसी नदी के बीच में बनाई जा रही है।
कविता ने आरोप लगाया कि उन्होंने अब तक छह शिकायतें सबूतों के साथ अधिकारियों को दीं, लेकिन किसी पर भी कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि गरीबों के घरों को ही तोड़ा जा रहा है, जबकि अमीरों की संपत्तियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।”
कविता ने यह भी कहा कि मूसी नदी के पुनर्जीवन की योजना ऐसी होनी चाहिए जिससे वास्तव में आम जनता को फायदा मिले।
उन्होंने याद दिलाया कि पिछली सरकार के समय मूसी नदी के बीच में निर्माण की अनुमति नहीं दी जाती थी, लेकिन अब ऐसी अनुमति क्यों दी जा रही है, यह सवाल उठता है।
उन्होंने पूछा, “इन अनुमतियों के पीछे आखिर क्या गड़बड़ी या सौदेबाजी है?”
कविता ने आरोप लगाया कि राज्य की सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने जनता के सामने कई समस्याएं खड़ी कर दी हैं।
खम्मम जिले के वेलुगुमटला इलाके में गरीबों के घरों को तोड़े जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 17 मार्च को एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी बनाएगी। कविता ने कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय और राहत नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
