कर्नाटक: पुलिस की सुरक्षा में चल रहे आतंकी संदिग्ध ने मीडिया की ओर किया इशारा, 23 जून को हुआ था गिरफ्तार
दावणगेरे, 1 जुलाई (आईएएनएस)। आतंकी गतिविधियों के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध सुहैल ने बुधवार को मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय मीडिया के सामने भड़काऊ इशारे किए।
पुलिस जब उसे दावणगेरे जिले के हरिहर कस्बे के सरकारी अस्पताल लेकर गई और बाद में वापस पुलिस वाहन तक ला रही थी, तब चेहरे पर मास्क लगाए सुहैल ने पत्रकारों की ओर हाथ हिलाया और टीवी कैमरों की तरफ उंगली दिखाकर इशारे किए।
यह घटना सरकारी अस्पताल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई, जहां पुलिस उसे नियमित मेडिकल जांच के लिए लाई थी। सुहैल को 23 जून को बन्निकोडु गांव से आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, तब से वह जांच एजेंसियों की हिरासत में है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी इस मामले में लगातार उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि, अस्पताल में मीडिया के सामने किए गए उसके इशारों पर अधिकारियों ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद सुरक्षाकर्मी उसे तुरंत वहां से पुलिस वाहन में बैठाकर ले गए। इस दौरान मीडिया अस्पताल के बाहर से पूरी कार्रवाई को कवर करती रही।
गौरतलब है कि पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त अभियान में सुहैल को गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तान से संबंध और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है।
सुहैल उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह कुछ समय पहले ही हरिहर तालुक में पेंटिंग का काम करने आया था और हरिहर ग्रामीण थाना क्षेत्र के एक गांव में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में उसके व्हाट्सएप अकाउंट से संदिग्ध आतंकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी मिली थी।
राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि हरिहर ग्रामीण थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
जांच एजेंसियों को उसके व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स से आतंकवाद से जुड़ी संदिग्ध सामग्री मिली है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों और संदिग्ध लोगों के संपर्क में था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, उसने अयोध्या के राम मंदिर में विस्फोट की साजिश बनाई थी। पुलिस के अनुसार, सुहैल 'राना बाई' और 'जुट्टू' नाम के व्हाट्सएप ग्रुपों का सदस्य था। जांच एजेंसियों का दावा है कि इन ग्रुपों का इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोग करते थे।
पुलिस ने उसके पास से हथियारों के साथ खिंचवाई गई उसकी कई तस्वीरें भी बरामद की हैं।
सुहैल उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का रहने वाला है। वह करीब दो सप्ताह पहले हरिहर आया था। पुलिस उन 9 अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है, जो उसके साथ यहां आए थे।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
